अंतरिक्ष की सैर कराएगा 'साकार'
अमित तिवारी, मेरठ: इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (इसरो) की ओर से जारी एंड्रायड एप 'साकार' अंतर
अमित तिवारी, मेरठ:
इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (इसरो) की ओर से जारी एंड्रायड एप 'साकार' अंतरिक्ष की घटनाओं को सीधे दिखा रही है। इस एप को अंतरिक्ष में घट रही भौतिक घटनाओं को मोबाइल स्क्रीन पर थ्रीडी मॉडल्स के जरिए लाइव दिखाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसरो के डेवलपमेंट एंड एजुकेशनल एंड कम्युनिकेशन यूनिट (डेकू) की ओर से विकसित यह एप थ्रीडी मॉडल्स, एनिमेशन और तरह-तरह के वीडियो के माध्यम से ऑगमेंटेंड रियलिटी (संवर्धित वास्तविकता) को दिखाता है, जिसे आम तौर पर लोग न देख सकते हैं और न ही उन्हें इसकी जानकारी होती है।
चंद्रयान से मंगलयान तक
यह एप चंद्रयान से मंगलयान तक के सफर को लाइव दिखने में सक्षम है। इसमें मॉर्स ऑर्बिट मिशन (मॉम) का थ्रीडी मॉडल व अंतरिक्ष में प्रक्षेपण को दिखाता है। इसके साथ ही चंद्रयान, इंडियन रीजनल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (आइआरएनएसएस) के जरिए भारतीय नक्षत्र, पीएसएलवी व जीएसएलवी लांचिंग के वीडियो, साइक्लोन की भविष्वाणी करने वाले इन्सेट के बारे में भी थ्रीडी मॉडल के जरिए विस्तार से दिखाया व बताया जाता है।
ऐसे करें इस्तेमाल
साकार एप एंड्रायड आइक्रीम सैंडविच एमआर1 (4.0.3) या उससे ऊपर के वर्जन को सपोर्ट करता है। एप को मोबाइल में इंस्टॉल करने के बाद वीडियो पैकेज डाउनलोड करना होगा। इसके बाद मोबाइल में डाउनलोड थ्रीडी मॉडल्स व वीडियो को एक्टिव करने वाले 'ट्रिगर कार्ड्स' को डाउनलोड करना पड़ेगा। इस कार्ड पैकेज में दिए गए कोड से ही मोबाइल कैमरा संबंधित अभियान का लाइव थ्रीडी प्रदर्शन को एक्टिव करता है, जिसे थ्रीडी चश्मे से मोबाइल स्क्रीन पर ही इसे देखा जा सकता है। इन कार्ड को प्रिंट अथवा कंप्यूटर स्क्रीन पर रखकर इस्तेमाल किया जा सकता है।
ऐसे काम करता है ट्रिगर कार्ड
ट्रिगर कार्ड में अलग-अलग अभियानों के लिए एम, वी, ई या ए लिखे हैं। एप ऑन करने के बाद उसका कैमरा व्यू चालू हो जाता है। ट्रिगर कार्ड को प्रिंट कर या कंप्यूटर स्क्रीन पर रख मोबाइल कैमरे को किसी एक कार्ड पर केंद्रित करना होता है। यदि आपने मंगलयान या चंद्रयान के कार्ड पर कैमरे का फोकस रखा है तो थोड़ी ही देर में उसका थ्रीडी मॉडल मोबाइल स्क्रीन पर दिखने लगेगा।
'आइ' देगा इंफोर्मेशन
कैमरा व्यू ऑन होने पर दाहिने तरफ नीचे की ओर स्क्रीन पर 'आइ' लिखा हुआ दिखेगा। यह इंफो बटन है। आइ पर क्लिक करते ही संबंधित अभियान व चल रहे वीडियो से जुड़ी तकनीकी जानकारी स्क्रीन पर आ जाती है।
स्कूलों के लिए खास
पिछले साल एप को लांच करते हुए इसरो वैज्ञानिकों ने इस एप को स्कूली बच्चों के लिए महत्वपूर्ण बताया था। इसका इस्तेमाल प्रमुख रूप से शिक्षण के लिए किया जाए इसलिए स्कूलों को इस एप का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।