गंदगी व जलभराव से त्रस्त मजीद नगर वासियों का आक्रोश फूटा
जागरण संवाददाता, मेरठ: पिलोखड़ी रोड मलिन बस्ती मजीद नगर के लोगों का सोमवार को गंदगी एवं जलभराव को लेक
जागरण संवाददाता, मेरठ: पिलोखड़ी रोड मलिन बस्ती मजीद नगर के लोगों का सोमवार को गंदगी एवं जलभराव को लेकर आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कमिश्नरी, डीएम कार्यालय व नगरायुक्त आवास पर प्रदर्शन किया। नगरायुक्त व पार्षद का घेराव किया।
एकता सेवा समिति के बैनर तले क्षेत्र के लोग दोपहर में कमिश्नरी चौराहा पहुंचे। अपनी मांग को लेकर लोगों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद कमिश्नरी के पास स्थित नगरायुक्त एसके दूबे के आवास पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उस समय नगरायुक्त आवास पर नहीं थे। इसके बाद सभी निगम में पहुंचे। नगरायुक्त का भी घेराव किया। उनका कहना था कि मजीदनगर के लोग वीआइपी क्षेत्रों से चार गुना टैक्स देते हैं। इसके बावजूद अभी किसी भी विभाग ने नाली व खंड़जे आदि नहीं बनाए हैं। कुंए वाली मस्जिद के आसपास की सात गलियां कच्ची हैं। इनमें गंदगी के साथ ही जलभराव रहता है।
रमजान के महीने में रोजेदार नमाज पढ़ने भी नहीं जा पा रहे हैं। मजबूरन घरों में नमाज अदा कर रहे हैं। क्षेत्रीय पार्षद से भी वह गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने सफाई व नाली खंड़जे बनवाने की मांग की। नगरायुक्त ने ईद तक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। तुरंत ही निगम अधिकारियों को मौके पर भेजा। उनके साथ ही क्षेत्रीय पार्षद दीवान जी शरीफ भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने विरोध में उनका घेराव किया व खरीखोटी भी सुनवाई। इस कारण पार्षद को जाना पड़ा। घेराव व प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष अबरार अहमद, डा. अलीमुद्दीन सैफी, मो. सईद अहमद अंसारी, हनीफ अल्वी, मो. खलीक सलमानी, मो. यामीन, मो. इरशाद सैफी शामिल रहे।