पति व तीन बच्चों को जहर दिया, पति की मौत
सरधना (मेरठ) : औरंगनगर रार्धना गांव में महिला ने अपने पति व तीन बच्चों को दूध में जहर मिलाकर पिला दि
सरधना (मेरठ) : औरंगनगर रार्धना गांव में महिला ने अपने पति व तीन बच्चों को दूध में जहर मिलाकर पिला दिया। देर रात हालत बिगड़ने पर पति की मौत हो गई। तीनों बच्चे अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं। मृतक के भाई ने महिला और उसके प्रेमी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि प्रेमी फरार है। परिजनों के मुताबिक, आरोपी महिला अवैध संबंधों के चलते एक साल पहले भी अपने पति को जहर देकर मारने की कोशिश कर चुकी है।
औरंगनगर रार्धना निवासी किसान जयप्रकाश पुत्र सूबे सिंह गांव में पत्नी सुनीता और पुत्री प्राची (11), कल्लू (5) व जॉनी (3) के साथ रहता था। उसके तीन भाइयों के परिवार अलग मकान में रहते हैं। मंगलवार रात दंपती और बच्चे खाना खाकर सो गए। देर रात जयप्रकाश की हालत बिगड़ने पर सुनीता ने पड़ोस में रहने वाले उसके भाइयों को सूचना दी। परिजन जयप्रकाश को चिकित्सक के पास ले जाने लगे, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। मौत से घर में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजनों ने देखा कि तीनों बच्चे बेहोश थे। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें जैन मिलन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इलाज कर रहे डा. ओमकार सिंह पुंडीर ने बताया कि तीनों बच्चों को जहर दिया गया है। यह सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। उपचाराधीन बच्ची प्राची ने बताया कि रात में उसकी मां सुनीता ने दूध में कुछ मिलाकर पिलाया था। इसके बाद ही सबकी हालत बिगड़ी। परिजनों ने आशंका जताई गई कि जयप्रकाश की मौत भी जहर से ही हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुनीता को हिरासत में ले लिया। जयप्रकाश के परिजनों ने आरोप लगाया कि सुनीता ने गांव के युवक से अवैध संबंधों के चलते जघन्य वारदात को अंजाम दिया। जयप्रकाश के भाई रामशरण की तहरीर पर पुलिस ने सुनीता और उसके प्रेमी रमेश के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली। रमेश फरार है। इंस्पेक्टर मेहर सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।