कोहरे में गुम हुई सड़कें
मेरठ : कड़ाके की ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है। शहरवासी दोपहर तक ठंड से ठिठुरने को मजबूर हैं, तो शाम
मेरठ : कड़ाके की ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है। शहरवासी दोपहर तक ठंड से ठिठुरने को मजबूर हैं, तो शाम के बाद से कोहरा परेशान करने लगता है। कोहरे से यातायात भी बुरी तरह प्रभावित है। रात नौ बजे के बाद कोहरे का प्रकोप इस कदर बढ़ा कि दृश्यता (विजिबिलिटी) लगभग शून्य हो गई। इस वजह से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया और दुर्घटना की आशंका में इनकी गति 10 किमी प्रति घंटा के आसपास रही। दिल्ली रोड, जीरो माइल व परतापुर बाईपास पर तो वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इससे पहले साल के अंतिम रविवार की सुबह कड़ाके की ठंड के साथ हुई। रात कटने के बाद भी कोहरे ने अपना प्रभाव कायम रखा। दोपहर 12.30 बजे के बाद सूर्यदेव की रोशनी के आगे कोहरे का कहर कुछ कम हुआ, लेकिन गोधूलि की बेला आते-आते स्थिति और गंभीर हो गई। तापमान ने जहां एकाएक गोता लगाया, वहीं कोहरे ने एक बार फिर अपना कब्जा जमा लिया।
रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 4.2, तो अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम बताए जाते हैं। अधिकतम तापमान भले ही सूरज की मौजूदगी में 18.1 डिग्री तक चढ़ी हो, लेकिन दिन में अधिकांश समय पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही लुढ़का रहा। हालांकि सूरज ने तीन घंटे के लिए लोगों को कुछ राहत जरूर दी।
शाम चार बजे के बाद एक बार फिर पारा गिरना शुरू हो गया, जिससे आम शहरी अपने-अपने घरों में कैद हो गए। साल का अंतिम रविवार होने के बावजूद शहर के मॉल और पिकनिक स्पॉट पर अपेक्षा से कम लोग देखने को मिले। बॉलीवुड पर लगातार बढ़ रही पीके की गर्मी भी रविवार शाम के शो के लिए लोगों को घरों से निकाल नहीं सकी।
आज और लुढ़केगा पारा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान बताते हैं कि सोमवार को सर्दी का सितम और बढ़ सकता है। अधिकतम तापमान पांच घटकर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कोहरा भी बरकरार रहेगा। एक जनवरी को बारिश की भी संभावना जताई जा रही है।
सप्ताहभर रहेगा कोहरे का कहर
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में थोड़ा सुधार भले ही आ जाए, लेकिन कोहरे का कहर शहरवासियों को कम से कम एक सप्ताह तक झेलना पड़ेगा।