Move to Jagran APP

एसपी सिटी ने फोन पर मांगी माफी, हड़ताल समाप्त

मेरठ : महापौर पर हमले तथा एसपी सिटी की अभद्रता के खिलाफ पांच दिन से चल रही हड़ताल शुक्रवार को एसपी सि

By Edited By: Published: Sat, 20 Dec 2014 02:13 AM (IST)Updated: Sat, 20 Dec 2014 02:13 AM (IST)
एसपी सिटी ने फोन पर मांगी माफी, हड़ताल समाप्त

मेरठ : महापौर पर हमले तथा एसपी सिटी की अभद्रता के खिलाफ पांच दिन से चल रही हड़ताल शुक्रवार को एसपी सिटी के महापौर से माफी मांगने के बाद समाप्त हो गई। महापौर ने खुद निगम पहुंचकर हड़ताल समाप्त कराई। इसके साथ ही शहर में सफाई का काम शुरू हुआ तथा पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली।

loksabha election banner

अवैध होर्डिग अभियान के दौरान 12 दिसंबर को महापौर पर हमला हुआ था और फोन करने पर एसपी सिटी ने महापौर से अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। जिसके खिलाफ नगर निगम की संयुक्त कर्मचारी संघर्ष समिति ने आंदोलन की घोषणा कर दी थी। सोमवार से कर्मचारियों, अधिकारियों तथा सभी दलों के पार्षदों ने संयुक्त रूप से हड़ताल तथा धरना शुरू कर दिया। एसपी सिटी के खिलाफ कार्रवाई, हमले के आरोपी होर्डिग ठेकेदार ज्ञानेंद्र के खिलाफ दफा 307 लगाने, उसे गिरफ्तार करने तथा पार्षदों के खिलाफ दर्ज मुकदमे को समाप्त करने की मांग की जा रही थी। गुरुवार रात में संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों तथा पार्षद प्रतिनिधियों ने समझौते के लिए एसएसपी के प्रतिनिधि के रूप में आए एसपी देहात कैप्टन एमएम बेग से वार्ता की। उन्होंने हमले के आरोपी ठेकेदार पर धारा 307 दर्ज करने, उसे 24 घंटे में गिरफ्तार करने तथा पार्षदों के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांगें तुरंत मान ली। लेकिन कर्मचारी एसपी सिटी की माफी से पहले हड़ताल समाप्त करने को राजी नहीं हुए।

शुक्रवार को दिन निकलते ही पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने महापौर को मनाने का सिलसिला शुरू किया और आखिरकार पौने दस बजे एसपी सिटी ओमप्रकाश ने महापौर के मोबाइल पर अपने शब्दों पर खेद जताया तथा भविष्य में पूरे सम्मान का वादा किया। लगभग 12 बजे महापौर हरिकांत अहलूवालिया नगर निगम में धरने पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि नगर निगम परिवार के संयुक्त आंदोलन ने पुलिस प्रशासन के साथ-साथ लखनऊ तक को हिला दिया है। उन्होंने कहा कि एसपी सिटी ने नगर निगम में धरना शुरू होते ही माफी के प्रयास शुरू कर दिए थे, लेकिन तभी माफी दे देते तो अन्य मांगे अधूरी रह जाती। उन्होंने आंदोलन की सफलता के लिए संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों तथा पार्षदों को बधाई दी। नगर आयुक्त अब्दुल समद ने भी इस दौरान कर्मचारियों की जीत पर हर्ष जताया। सभा की अध्यक्षता कृपाल सिंह गुर्जर ने की तथा संचालन नगर निगम कर्मचारी संगठन अध्यक्ष अनीस अहमद ने किया। इस दौरान संयुक्त संघर्ष समिति अध्यक्ष राजू धवन, लोकेश शर्मा, कैलाश चंदोला के साथ सैकड़ों कर्मचारी व सभी दलों के पार्षद मौजूद रहे। हड़ताल समाप्ति की घोषणा के साथ ही नगर निगम के दफ्तर खुल गए वहां कामकाज शुरू हो गया। तीनों वाहन डिपो भी खुल गए, वाहनों ने पूरे शहर में फैलकर कूड़ा उठाना शुरू किया तो जनता ने राहत की सांस ली।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.