केबिल आपरेटरों की वार्ता विफल, हड़ताल शुरू
मेरठ : डेन गैलेक्सी की ओर से की गई मूल्य वृद्धि वापस लेने समेत अन्य मांगों को लेकर मंगलवार शाम केबिल आपरेटर संघ की अधिकारियों से वार्ता विफल हो गई है। इसके बाद संघ ने मांगों को लेकर शहर में जुलूस निकाला। साथ ही हड़ताल शुरू कर दी। इससे पूर्व संघ ने कमिश्नरी पार्क में सुबह से शाम तक धरना दिया।
केबिल आपरेटर संघ के पदाधिकारी और सदस्य मंगलवार सुबह 10 बजे कमिश्नरी पार्क पहुंचे और धरने पर बैठ गए। मांग की कि शुल्क में 13.50 रुपये की वृद्धि डेन गैलेक्सी वापस ले। साथ ही पूर्व निर्धारित शुल्क 61.80 रुपये से कम किया जाए। आपरेटर संघ के पदाधिकारी और सदस्य शाम छह बजे तक धरने पर बैठे रहे।
एडीएम सिटी एसके दुबे के निर्देश पर अपर नगर मजिस्ट्रेट रामभरत तिवारी व सहायक आयुक्त मनोरंजन कर सोहनलाल वशिष्ठ केबिल आपरेटरों से वार्ता के लिए पहुंचे। अधिकारियों ने हड़ताल न करने का अनुरोध किया। उनका कहना था कि वह डीएम से उनकी वार्ता करा देंगे। इस पर केबिल आपरेटरों ने कहा कि तुरंत ही उनकी वार्ता कराई जाए। इस पर अधिकारियों ने कहा कि डीएम देर रात तक व्यस्त हैं। बुधवार को उनकी वार्ता होगी। वह हड़ताल का निर्णय वापस ले लें। इस पर आपरेटर संघ के पदाधिकारी तैयार नहीं हुए। वार्ता विफल होने के बाद संघ ने हड़ताल की घोषणा कर दी। इसके बाद संघ ने कमिश्नरी से जुलूस निकाला, जो बच्चा पार्क से होते हुए शाम सात बजे डेन गैलेक्सी आफिस के सामने पहुंचा और वहां से हापुड़ अड्डा पहुंचा। जुलूस में संदीप शर्मा, जीशान अहमद, सलीम अंसारी, यूसुफ, मुकल शर्मा, योगेन्द्र तेवतिया, राजीव शर्मा, पवन कुमार, सुनील यादव व रविकांत शामिल रहे।
प्रसारण ठप कराया
संघ के प्रवक्ता रविकांत ने बताया कि देर शाम हड़ताल शुरू हो गई है। हापुड़ अड्डा, गोला कुआं और थाना कोतवाली क्षेत्र में प्रसारण ठप कराया गया। उन्होंने दावा किया कि उक्त क्षेत्रों में 60 प्रतिशत प्रसारण ठप हो गया है।