अभिषेक सिंह बने आर्मी लेफ्टिनेंट
मेरठ : पल्लवपुरम फेज-एक निवासी व अंबाला में तैनात कर्नल हरेंद्र सिंह के बेटे अभिषेक सिंह ने 13 सितंबर को पूर्ण हुए 11 महीने के प्रशिक्षण के बाद सेना में लेफ्टिनेंट बन मेरठ के साथ देश का नाम रोशन किया है। रविवार को उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
पल्लवपुरम निवासी लेफ्टिनेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि 13 सितंबर को 11 महीने के कड़े प्रशिक्षण के बाद सेना की आर्म्ड कोर में टैंक रेजीमेंट में कमीशन प्राप्त किया है। अभिषेक सिंह को सैन्य सेवा विरासत में मिली है। उनके पिता हरेंद्र सिंह अंबाला आर्मी में कर्नल पद कार्यरत रहते हुए देश की सेवा कर रहे हैं, जबकि उनकी माता डा. राकेश सिंह स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। वह असहाय व महिला मरीजों की सेवा करने में लगी रहती हैं। बहन नेहा सिंह एमडीएस की पढ़ाई कर रही हैं। लेफ्टिनेंट ने बताया कि उन्हें पढ़ाई के दौरान ही किताबों में टैंक व तोपें बनाने का शौक था। सेना में लेफ्टिनेंट बनने का उनका सपना अब पूरा हो गया है। उनकी बहन नेहा ने कदम-कदम पर हौसला अफजाई करते हुए यहां तक पहुंचने में काफी मदद की है। बताया कि पांच अक्टूबर को वह जोधपुर में 49 आर्मी आर्म्ड रेजीमेंट में ड्यूटी ग्रहण करेंगे।