आज चक्का जाम करेंगे किसान
मेरठ : गन्ना भुगतान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन गुरुवार (आज) को चक्का जाम करेगी। दिल्ली बाइपास, खिर्वा रोड, बिजली बंबा बाइपास, मवाना और नंगलामल चीनी मिलों के आगे भी रास्ता रोका जाएगा। सुबह दस बजे से दो बजे तक किए जाने वाले चक्का जाम के दौरान भाकियू के पदाधिकारियों ने कहा है कि एंबुलेंस और बीमार व्यक्तियों को ले जाने वालों को नहीं रोका जाएगा।
गन्ना किसानों पर चीनी मिलों का करोड़ों रुपया बकाया है। मेरठ परिक्षेत्र की 14 मिलों पर 1355 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी है। चीनी मिलें भुगतान की बजाए आगामी सत्र में पेराई करने से इंकार कर रही हैं, जिसके विरोध में भाकियू ने किसानों से अपने आसपास और जनपद की मुख्य सड़कों पर चक्का जाम करने का आह्वान किया है। बुधवार को किसानों ने प्रदर्शन की तैयारियों की रूपरेखा तैयार की। घोपला गांव के किसानों ने बिजलीबंबा बाईपास पर चक्का जाम करने करने की बात कही। वहीं सरधना और बाईपास के आसपास के गांव के किसान खिर्वा रोड चौपले पर एकत्र होंगे। रोहटा रोड, जानी, मवाना और नंगलामल चीनी मिलों के सामने भी वाहनों का आवागमन रोकने की रणनीति बनाई गई है। सुबह दस बजे से दो बजे तक चक्का जाम किया जाएगा। जिलाध्यक्ष विनोद जिटौली ने बताया कि एंबुलेंस, दूध और सब्जियों के वाहनों को नहीं रोका जाएगा। पेट्रोल के टैंकर और गैस सिलेंडर के वाहनों को छूट नहीं होगी।