नारी निकेतन में दो बच्चों समेत बारह की हालत बिगड़ी
मेरठ : नारी निकेतन में रविवार सुबह दो बच्चों व तीन युवतियों की हालत बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं देर रात सात ओर युवतियों को भर्ती कराया गया है। हालांकि बताया जा रहा है कि खान-पान को लेकर उनकी हालत खराब हुई है, लेकिन इस मामले में सभी ने चुप्पी साध ली है।
लालकुर्ती स्थित नारी निकेतन में शनिवार रात कुछ युवतियों व बच्चों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए। रविवार दोपहर तक हालत ज्यादा बिगड़ने पर गार्गी (25), पिंकी (26), अफरोज (27), किसियाना (8) व मिथुन (2) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं देर रात सात अन्य सात युवतियों व महिलाओं को भर्ती कराया गया था। लगातार नारी निकेतन से युवतियों के पहुंचने का सिलसिला जारी था। दोपहर इस संबंध में युवतियों से बात की गई तो उन्होंने कुछ बोलने से इन्कार कर दिया, जबकि अस्पताल में मौजूद नारी निकेतन के स्टाफ ने गर्मी की वजह से बीमार होने की बात कही है। हालांकि अचानक इतनी संख्या में बीमार होने के पीछे नारी निकेतन की व्यवस्था पर सवाल उठाया जा रहा है। चर्चा है कि नारी निकेतन में पानी काफी खराब है। पिछले दिनों टंकी में कीड़े निकलने की बात सामने आई थी, लेकिन वहां इस व्यवस्था पर कोई गौर नहीं किया गया। इतना ही नहीं, खाने-पीने की वस्तुओं की क्वालिटी में भी गिरावट है। इतना ही नहीं, बासी भोजन का भी इस्तेमाल नारी निकेतन में किया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट में खानपान का इंफेक्शन बताया जा रहा है, लेकिन अस्पताल में भर्ती युवतियां इस संबंध में अपनी जुबान खोलने को तैयार नहीं हैं। इतना ही नहीं स्टाफ लगातार उन पर नजर रखें हुए है। दो दिन पूर्व भी एक युवती को बीमार होने पर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। चर्चा है कि नारी निकेतन में बीमारों की संख्या अधिक है, मगर प्रशासन उसे दबाने में लगा है।
-----------------------
देर रात सात और हुई भर्ती
इनका कहना है..
यह खान-पान से आया इंफेक्शन प्रतीत होता है। उन्हें ग्लूकोज सहित सभी आवश्यक दवाएं दी गई हैं। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। एक दो दिन बाद छुट्टी दे दी जाएगी।
आरके गुप्ता, फिजीशियन, जिला अस्पताल
गर्मी की वजह से महिलाओं और बच्चियों की तबीयत खराब हुई थी। इसके चलते सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो दिन पूर्व भी एक महिला को तबीयत खराब होने पर जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज रेफर किया गया था। अब सभी की हालत ठीक है।
यतेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी ।