हाईवे के दोनों ओर कचरे से बदबू, इंतजाम नदारद
मेरठ : दस दिन तक कांवड़ यात्रा के चलते लाखों लोगों की जिदंगी थम सी गई थी। अब हाइवे पर एक ओर दूर-दूर तक कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। सेवा शिविर संचालकों ने शुक्रवार दोपहर तक सामान समेटा और पल्लवपुरम के आसपास बसे लोगों को सौगात में कचरा छोड़ गए। यही हाल पीएसी नाले से सकौती फ्लाईओवर तक है।
रुड़की रोड व उसके दोनों ओर बसी कालोनी, डौरली, मोदीपुरम, पल्लवपुरम फेस-एक व दो, पल्हेड़ा गांव, अक्षरधाम व हाइवे पर बसी कालोनियों के लाखों लोगों को दस दिनों बाद स्वतंत्र विचरण करने का मौका मिला है, लेकिन बदबूदार माहौल में। स्थानियों लोगों ने बताया कि मोदीपुरम फलाइओवर के पास कई शैक्षणिक संस्थाएं हैं, उनमें कई हजार छात्र-छात्राएं आते हैं। छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंदगी का जल्द असर पड़ता है। कांवड़ यात्रा के बाद इस शिकायत को अफसर अनसुनी कर देते हैं। उधर, सिवाया टोल प्लाजा के पास निर्धारित स्थान पर कचरे का ढेर लगा रहता है। दैनिक बस यात्रियों का कहना है कि टोल पर लगे जाम में बस को निकलने में दस मिनट लग जाते है। ऐसे में दस मिनट तक बदबूदार वातारण में सांस लेना मुश्किल है।
संगठनों को आगे आना होगा
पल्लवपुरम फेस-एक व दो और आसपास स्थित कालोनियों में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठन हैं। उनके पदाधिकारियों को इस गंदगी भरे वातावरण से निजात पाने को पहल करनी होगी। शिविर संचालकों से या नगर निगम अफसरों से कांवड़ सेवा के बाद फैली गंदगी की सफाई व्यवस्था का इंतजाम कराना पड़ेगा।