सेहत से न करें समझौता
मेरठ : भागदौड़ भरी व्यस्त जीवन शैली में लोग स्वास्थ के प्रति भी पूर्ण सजग हैं। इसलिए शहर में विभिन्न स्थानों पर सुबह-शाम घूमने व योग करने वालों की संख्या काफी बढ़ गई है।
शहर में विभिन्न स्थानों पर योग क्लब व स्वास्थ केंद्र खुल गए हैं, जहां लोग व्यायाम कर स्वास्थ लाभ उठा रहे हैं। सूरजकुंड रोड, गांधी पार्क, चौधरी चरण सिंह रोड, कैलाश प्रकाश स्टेडियम, माल रोड व विक्टोरिया पार्क आदि स्थानों पर भी सभी वर्ग के लोगों को सैर करते देखा जा सकता है। योग शिविर व हेल्थ क्लब भी संचालित हो रहे हैं।
वर्तमान जीवन शैली में मोटापा एक बड़ी समस्या बनकर उभरा है। ऐसे में कालेज गोइंग स्टूडेंटस भी फिट रहने के लिए योग क्लास और पार्को का रुख कर रहे हैं। सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग पार्को में व्यायाम व सैर करते देखे जा सकते हैं।
स्वास्थ विशेषज्ञों का कहना है कि स्वस्थ रहने के लिए योग व पैदल घूमना बेहद जरूरी है। अस्थमा व हृदय रोगियों को भी चिकित्सक शाम के समय सैर करने की सलाह देते हैं। मौसम में आए बदलाव ने भी लोगों को घर से बाहर निकलने के लिए मजबूर कर दिया है।