राष्ट्र की एकता के लिए दौड़े लोग
मऊ : देश के प्रथम गृहमंत्री व उप प्रधानमंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर प्रधानमंत्री
मऊ : देश के प्रथम गृहमंत्री व उप प्रधानमंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 'रन फार यूनिटी' का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न वर्गो के लोगों ने राष्ट्रीय एकता व अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेते हुए दौड़ लगाई और सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देकर उन्हें नमन किया। इस दौरान पूरा शहर 'सरदार पटेल अमर रहें', 'भारत माता की जय' के नारों से गूंज उठा।
नगर में भारतीय जनता पार्टी की जनपदीय इकाई के तत्वावधान में 'रन फार यूनिटी' का आयोजन किया गया। बलिया मोड़ स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर इस दौड़ की शुरुआत हुई। सांसद हरिनरायन राजभर व भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ का समापन गाजीपुर तिराहा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के पास हुआ। इसमें रामलखन प्रथम, अनिल यादव द्वितीय व दिनेश राव तीसरे स्थान पर रहे। इन विजेता धावकों को पुरस्कृत भी किया गया।
दौड़ में जिले के प्रतिभाशाली धावक, पार्टी कार्यकर्ता, भारत स्वाभिमान मंच के लोग, चिकित्सक, व्यवसायी, अधिवक्ता, विद्यालयों के छात्र, आम नागरिक व सामाजिक-स्वैच्छिक संगठनों के लोग शामिल थे। धावकों के आगे-आगे राष्ट्रीय एकता वाहन भी चल रहा था। लोग सरदार पटेल अमर रहें, एक भारत-श्रेष्ठ भारत, दौड़ेगा भारत-जुड़ेगा भारत आदि नारे गुंजायमान कर रहे थे। इस आयोजन से सामान्य लोगों में भी उत्साह देखा गया। सड़क के किनारे खड़े वे आम लोग, जो दौड़ में शामिल नहीं हुए, वे भी 'सरदार पटेल-अमर रहे', 'भारत माता की जय' के नारे गुंजायमान करते रहे।
मुहम्मदाबाद गोहना प्रतिनिधि के अनुसार लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों ने शुक्रवार को स्थानीय कस्बा सहित आसपास के गांवों व मुख्य बाजारों में दौड़ लगाई।
स्थानीय कस्बे में शहीद चौक पर शहीदों की प्रतिमाओं पर तिलक लगाकर शुरू हुई दौड़ विजय स्तंभ चौक पर सभा में बदल गई। सभा में सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य शिवाजी राय ने कहा कि सरदार पटेल स्वतंत्र भारत के प्रमुख संस्थापकों में से एक थे। पूर्व जिलाध्यक्ष अमरनाथ दुबे व जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने अखंड भारत के निर्माण में उनकी भूमिका का उल्लेख किया।
जिला उपाध्यक्ष छोटू प्रसाद के नेतृत्व में हुई दौड़ में संजय तिवारी, रवींद्र यादव, महेंद्र राम, त्रिभुवन प्रसाद, लक्ष्मी प्रसाद गुप्त, लालजी वर्मा, भरत अग्रवाल, अवधेश, श्यामसुंदर, आदि थे।
दोहरीघाट प्रतिनिधि के अनुसार भाजपा देहात कार्यालय पर सरदार पटेल की जयंती मनाई गई। वक्ताओं उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा की। ब्लाक मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक से रामघाट तक दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता का संकल्प लिया। इस मौके पर मंडल भाजपाध्यक्ष जनार्दन मिश्र, संतोष राय, पूर्व चेयरमैन गुलाबचंद गुप्त, रवींद्र वर्मा, विनय जायसवाल, पप्पू मद्धेशिया, केशभान राय आदि थे।