बवालियों से सख्ती से निपटेगा प्रशासन : एसपी
मऊ : ऐसा कोई भी शख्स जो त्योहारों पर माहौल को प्रभावित करने की सोच रखता होगा, प्रशासन उससे सख्ती से
मऊ : ऐसा कोई भी शख्स जो त्योहारों पर माहौल को प्रभावित करने की सोच रखता होगा, प्रशासन उससे सख्ती से निपटेगा। यह कहना है पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ल का। वह बुधवार की शाम शहर कोतवाली में मातहतों एवं विशेष पुलिस अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक तेज स्वरूप सिंह से भरत मिलाप स्थल और सुरक्षा के बंदोबस्त के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि यहां के शहर के लोग अमन-पसंद हैं। 99.99 प्रतिशत लोग बहुत ही नेक दिल इंसान और सांप्रदायिक सौहार्द के हिमायती हैं। .01 फीसद ही ऐसे हैं जो यहां के लोग दुर्गापूजा, दशहरा, भरत मिलाप, बकरीद आदि पर्वो पर अराजकता फैलाने की मंशा रखते हैं। उन सबको चिह्नित कर लिया गया है। इसलिए आमजन हंसी-खुशी के साथ त्योहार मनाएं। बवाल करने की कोशिश करने वालों को प्रशासन देख लेगा।
उन्होंने कहा कि जन समुदाय को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। पर्याप्त पुलिस बल की तैनात के साथ नगर के संभ्रांत व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जा रहा है। सूचना तंत्र को पूरी तरह से सतर्क कर दिया गया है। वे पल-पल की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखे हुए हैं। उन्होंने लोगों से अपील किया कि किसी ने अफवाह फैलाने की कोशिश करे तो उसकी सूचना पुलिस को दें, तत्काल ऐक्शन लिया जाएगा। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। विवाद करने की आशंका में चिह्नित व्यक्तियों को संबंधित धाराओं में पाबंद किया जा रहा है। गोष्ठी में सीओ सीटी अशोक कुमार यादव, समस्त थानाध्यक्ष के साथ विशेष पुलिस अधिकारी सम्मलित थे।