छेड़खानी का विरोध करने पर छात्रा की पिटाई
इंदारा (मऊ) : स्थानीय रेलवे जंक्शन पर अभी तक शोहदे मनमानी करते थे। अब इनकी हरकतें विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ भी शुरू हो गई है। शुक्रवार की शाम नेशनल इंटर कालेज अदरी इंदारा से पढ़कर घर लौट रही दसवीं की छात्रा के साथ दो शोहदे सरेआम छेड़खानी करने लगे। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो उन दोनों ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। इससे उसके एक कान से खून निकलने लगा। इस नजारे को जब वहां गुजर रहे लोगों ने देखा तो वे सन्न रह गए। उन लोगों के दौड़ाने पर शोहदे वहां से सरक लिए पर उनके इस दुस्साहस को देखकर विद्यालय के अध्यापक आक्रोशित हो गए। प्रधानाचार्य ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और जख्मी छात्रा को स्थानीय चिकित्सक के यहां भर्ती कराया।
मामला पुलिस में जाने के बाद चौकी प्रभारी ने उक्त दोनों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट लिखकर उनकी खोजबीन शुरू कर दी है। इस तरह की घटना से विद्यालय के अध्यापक व छात्र काफी उद्वेलित हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने शीघ्र शोहदों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजवाया तो अध्यापक कानून के रखवालों को चैन से नहीं बैठने देंगे।
इनसेट--
ग्रामीणों में कानून का नहीं रहा भरोसा
क्षेत्र के एक युवक की मानें तो यहां के बाजार व स्टेशन पर हमेशा कतिपय मनबढ़ टाइप के लोग अपनी दादागिरी दिखाते रहते हैं। स्थानीय लोग इसलिए कुछ नहीं बोल पाते क्योंकि पुलिस जल्दी ऐक्शन नहीं लेती।