भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा- यमुना के बिना साफ नहीं हो सकती गंगा
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि यमुना की सफाई बिना गंगा भी साफ नहीं हो सकती। केंद्र दोनों की सफाई का संकल्प ले चुका है। पूरे देश में गंगा-यमुना में गिरने वाले नाले बंद होंगे, जो सरकार की प्राथमिकता में है।
जागरण संवाददाता, वृंदावन: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि यमुना की सफाई बिना गंगा भी साफ नहीं हो सकती। केंद्र दोनों की सफाई का संकल्प ले चुका है। पूरे देश में गंगा-यमुना में गिरने वाले नाले बंद होंगे, जो सरकार की प्राथमिकता में है। बुधवार को वात्सल्य ग्राम में श्रीमद्भागवत कथा-प्रवचन में शामिल होने आए श्री शाह ने कहा कि वह मन से यमुना में अविरल धारा, संरक्षण और संवर्धन चाहते हैं।
अमित शाह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शरण में जाकर ही दुनिया का कल्याण हो सकता है। वात्सल्य ग्राम और इसके प्रकल्पों के बारे में जानकर सुखद अहसास हुआ। यहां वात्सल्य को संजो कर रखा गया है। साध्वी ऋतंभरा की समाज सेवा से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष ने श्रीमद्भागवत कथा के मंच से राजनीति की बातें नहीं करने की बात भले कही, मगर बातों- बातों में राममंदिर का जिक्र आ ही गया। वर्ष 90 के दशक में राममंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए शाह ने कहा- तब साध्वी ऋतंभरा का संबोधन सुनने के लिए लाखों लोगों की भीड़ उमड़ती थी।
वह रामभक्तों के लिए प्रेरणा का काम करती थीं। अब वे वात्सल्य ग्राम के जरिए देश-दुनिया का सेवा कर रही हैं।
शाह ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार देश में बेरोजगारी और गरीबी दूर करना चाहती है, लेकिन इसके साथ ही देश की आध्यात्मिक ऊंचाई एक इंच भी कम नहीं होने देना चाहती। जब तक हम (भाजपा) जनता के बीच दुबारा जनादेश के लिए जाएंगे, तब तक यमुना की हालत ऐसी (मैली) नहीं रहेगी।