सीवर उफनते ही फूंका पालिकाध्यक्ष का पुतला
जागरण संवाददाता, वृंदावन(मथुरा): स्थानीय केशीघाट के मुख्य मार्ग गोपीनाथ बाजार और पत्थरपुरा में शनिवा
जागरण संवाददाता, वृंदावन(मथुरा): स्थानीय केशीघाट के मुख्य मार्ग गोपीनाथ बाजार और पत्थरपुरा में शनिवार सुबह सीवर का पानी उफान भरने लगा। गंदे पानी में होकर निकल रहे राहगीर और श्रद्धालुओं को देखकर व्यापारी भड़क गए। प्रदर्शन कर नगर पालिकाध्यक्ष का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। साथ ही समस्या की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।
यमुना स्नान को जाने वाले सैकड़ों श्रद्धालु सड़क पर बह रहे सीवर और नाले के गंदे पानी के बीच गुजरते रहे। पालिका प्रशासन को इसका इल्म ही नहीं था। बाजार खुलने तक दुकानों के आगे सड़क पर गंदा पानी नाले की तरह बह रहा था। दुर्गंध भी आ रही थी। इलाके में हफ्तेभर पहले बारिश के चलते दो दिन तक जलभराव रहा था। व्यापारी दुकानें भी नहीं खोल पाए थे। सावन माह में दुकानों पर खरीदारों का जमावड़ा लगा रहता है। प्रशासनिक अनदेखी से चौपट हो रहे व्यापार पर दुकानदार शनिवार को भड़क गए। पत्थरपुरा और गोपीनाथ बाजार के दुकानदार एकजुट होकर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे और पालिकाध्यक्ष का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।
कांग्रेस नेता शंभूचरण पाठक ने कहा, बारिश में जलभराव तो समझ में आता है। बिना बारिश सीवर और नाले का गंदा पानी सड़क पर आ गया, ये नगर पालिका परिषद की नाकामी है। आए जिन जलभराव की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है और व्यापार भी पूरी तरह चौपट हो जाता है। प्रदर्शन करने वालों में डॉ. श्रीकृष्ण शर्मा, अजय अरोड़ा, अखिल अग्रवाल, मनोज ठाकुर, विनोद अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, अमित अग्रवाल, मदनमोहन अग्रवाल, नीरज शर्मा, खेमचंद्र अग्रवाल, मनीष शर्मा, तन्नू मौजूद थे।