88 करोड़ से संवरेगा ब्रज का सौंदर्य
जागरण संवाददाता, मथुरा: ब्रज का सौंदर्य संवारने को कुछ दिन बाद केंद्र सरकार अपना खजाना खोलेगी। प्रसा
जागरण संवाददाता, मथुरा: ब्रज का सौंदर्य संवारने को कुछ दिन बाद केंद्र सरकार अपना खजाना खोलेगी। प्रसाद और स्वदेश योजनाओं के माध्यम से जिले के प्रस्ताव केंद्र सरकार तक पहुंच चुके हैं। दोनों योजनाओं में 88 करोड़ रुपये के प्रस्ताव शासन स्तर पर स्वीकृति पा चुके हैं।
धार्मिक नगरी में पर्यटन सुविधाएं विकसित करने के लिए केंद्र सरकार ने प्रसाद और स्वदेश योजनाओं के तहत प्रस्ताव मांगे थे। जिले में पर्यटन विभाग ने प्रसाद योजना के तहत 46 करोड़ और स्वदेश योजना के तहत 42 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रस्तुत कर दिए। शासन स्तर की बैठक में इन प्रस्तावों को चर्चा के बाद स्वीकृत कर दिया। अब इन प्रस्तावों को मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा है। जिला पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्र से मंजूरी मिलने और बजट आवंटित होते ही पर्यटन विकास के कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।
प्रसाद योजना में यह होंगे काम
- गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में पेयजल के इंतजाम को एक करोड़ खर्च होंगे।
- मंदिरों के आसपास की सड़कों पर एक करोड़ के कूड़ेदान रखे जाएंगे।
- राधारानी के जन्म स्थान रावल में पर्यटन विकास को चार करोड़ से कार्य होंगे।
- सूर साधना स्थली पारासौली में पांच करोड़ से ओपन थिएटर का निर्माण होगा।
- बल्देव, गोकुल, बरसाना, नंदगांव के साथ ही पर्यटन क्षेत्रों में तीन करोड़ की लागत से साइनेज लगेंगे।
- विश्राम घाट और हंसारानी घाटों के विकास कार्य और हंसारानी घाट के पास पार्किंग का 24 करोड़ से निर्माण होगा।
- फालैन स्थित प्रहलाद कुंड पर तीन करोड़ की लागत से विकास कार्य होंगे।
- गोवर्धन के कुसुम सरोवर में पांच करोड़ रुपये से लाइट एंड साउंड शो लगाया जाएगा।
स्वदेश में 42 करोड़ से होंगे काम
- महावन क्षेत्र में एक करोड़ के डस्टबिन लगाए जाएंगे।
- महावन के ब्रह्मांड घाट पर पांच करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य होंगे।
- 30 करोड़ रुपये से वृंदावन के केसीघाट का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।
- बरसाना में छह करोड़ से सड़क चौड़ीकरण, शौचालय निर्माण और चौक निर्माण के कार्य कराए जाएंगे।