राजस्व को चूना लगाने में राजस्व कर्मी उस्ताद
जागरण संवाददाता, मथुरा: जनता से वसूले जाने वाले राजस्व को चूना कैसे लगाया जाता है, यह नगर पालिका के राजस्व विभाग से बेहतर शायद ही दूसरा कोई जानता हो। रोजाना और सालाना की उगाही का तीस फीसद हिस्सा ही पालिका कोष में पहुंच रहा है और अधिकारी आंख मूंदकर बैठे हुए हैं।
शहर में विज्ञापन होर्डिग के मामले को ही लें। पालिका में दो बाई दस फुट के केवल 289 होर्डिग ही पंजीकृत हैं। यह स्थिति तब है, जबकि डेढ़ साल पहले जिला प्रशासन ने एक-एक होर्डिग को गिनने और उसे चिह्नित करने की कवायद की थी। असलियत यह है कि इस साइज के शहर में 750 से ज्यादा होर्डिग तो गिने जा चुके हैं, जबकि इसमें यमुना पार और कुछ अन्य मार्ग अभी शामिल नहीं हैं।
यही स्थिति दो बाई ढाई फुट के होर्डिग्स की है। शहर के हर मार्ग पर खड़े विद्युत खंभों में से लगभग हरेक पर कम से कम दो होर्डिग तो इस साइज के लगे ही हुए हैं और इनकी संख्या एक अनुमान के मुताबिक पंद्रह सौ से ज्यादा है, लेकिन पालिका में इस साइज के केवल 230 होर्डिग ही पंजीकृत हैं।
इसी प्रकार ढकेल और खोमचे वालों से रोजाना मिलने वाली धनराशि को चूना लगाया जा रहा है। पालिका में शहर के अंदर केवल पांच सौ ढकेल व खोमचे वाले ही दर्ज हैं, जिनसे रोजाना पांच रुपए वसूले जाते हैं। हकीकत यह है कि इनकी संख्या पांच हजार के आसपास है। इनमें फड़ लगाने वाले भी शामिल हैं।
एक और हकीकत यह है कि जिन पंजीकृत ढकेल व खोमचे वालों से पांच रुपए वसूला जाना चाहिए, उनमें पांच रुपए वालों को रसीद नहीं दी जाती और तमाम से तो दस से लेकर पचास रुपए तक पालिका के कर्मचारी वसूल रहे हैं।
पार्किग वसूली में भी झोल सामने आ रही है। वर्तमान में साढ़े सात से आठ हजार रुपए प्रतिदिन का जमा होना बताया जा रहा है, जबकि जब से ठेका नहीं उठा है, पांच हजार से ज्यादा पालिका कोष में जमा नहीं कराया जा रहा था।
करीब आठ हजार की वसूली भी केवल छह प्वाइंट से ही हो रही है, जबकि पालिका कर्मी पहले सभी 19 प्वाइंट से केवल पांच हजार की वसूली ही कर पा रहे थे। राजस्व विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत से इन दिनों भी ठेकेदार के आदमी सुबह-सबेरे जमकर रसीदें काट रहे हैं, जबकि ठेका अभी किसी के नाम नहीं है।
दो दिन पहले राजस्व अधीक्षक नरेश बाबू ने इसकी शिकायत चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी से की। ईओ केपी सिंह ने संबंधित थाना चौकियों को अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कार्यवाही के लिखा, फलस्वरूप गुरुवार को थाने गोविंद नगर में ठेकेदार का कर्मी वसूली करते हुए दबोच लिया गया।
राजस्व अधीक्षक नरेश बाबू ने बताया कि उन्होंने कई जगह अवैध वसूली की पर्चियां पकड़ी हैं। वह अवैध वसूली पर लगाम लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
ईओ केपी सिंह ने बताया कि शिकायतें मिली हैं और उन्होंने कड़ी कार्यवाही के निर्देश राजस्व अधीक्षक को दिए हैं।