राहुल ने दिखाया 'मेड इन मथुरा' का सपना
जागरण संवाददाता, मथुरा: चुनाव प्रचार के आखिरी घंटों में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी पर जमकर हमले किए। राहुल ने मथुरा के युवाओं को रोजगार के सपने खूब दिखाए। बोले, यदि सरकार बनी तो चीजें 'मेड इन मथुरा' होंगी। इस दौरान गठबंधन दल रालोद के प्रमुख अजित ने मोदी पर तीखा रुख दिखाया। वह बोले अगर मोदी पीएम बने तो गांव-गांव दंगे होंगे।
कान्हा की धरती मथुरा में मोदी की जनसभा के चौबीस घंटे बाद मंगलवार को राहुल गांधी की जनसभा थी। शहर के रामलीला मैदान पर राहुल गांधी ने विकास के बड़े-बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि आज घड़ी, मोबाइल व जूतों पर मेड इन चाइना लिखा होता है। हमारी सरकार बनी तो हम दिल्ली से मुंबई, दिल्ली से बेंगलूर तक इंडस्ट्रियल कॉरीडोर विकसित करेंगे। इससे मथुरा सहित तमाम शहर जुड़ेंगे। यहां की बनी चीजों पर मेड इन मथुरा और मेड इन यूपी लिखा होगा।
उन्होंने युवाओं को रोजगार, गरीबों को इलाज, छत और पेंशन के नाम पर रिझाया तो ब्रजवासियों को उद्योग और यमुना के जरिये लुभाने का प्रयास किया। राहुल बोले, इंडस्ट्रियल कॉरीडोर से युवाओं को रोजगार मिलेगा। जापान व चीन हमारे कंप्यूटर, घड़ी, मोबाइल आदि सामान खरीदेंगे। यमुना की पीड़ा पर कहा कि हमने कोशिश की कि यमुना की सफाई कराई जाए, लेकिन क्या करें यूपी सरकार साथ ही नहीं दिया। हमारी सरकार बनने पर सबसे पहले यमुना की सफाई करायी जाएगी।
भाजपा पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में महिलाओं की पिटाई होती है और छत्तीसगढ़ में महिलाएं गायब हो रही हैं, महिलाओं की जासूसी कराई जाती है। इसके बाद मोदी पर आ गए। राहुल बोले कि वह भ्रष्टाचार की बात करते हैं, लेकिन जब भाजपा के घोषणा पत्र में भ्रष्टाचार पर सिर्फ एक लाइन थी कि ई-कॉमर्स से भ्रष्टाचार खत्म करेंगे।
मोदी जी ने गुजरात में 45 हजार एकड़ जमीन कौड़ियों के भाव उद्योगपति अडानी को दे दी। यूपीए वन और टू की उपलब्धियां गिनाते हुए राहुल गांधी सरकार बनने पर महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण लोकसभा और विधानसभाओं देने की घोषणा की।
रालोद मुखिया अजित सिंह ने मोदी पर सवाल दागते हुए कहा कि प्रचार से चुनाव जीतना चाहते हैं, आखिर प्रचार के लिए 10 हजार करोड़ रुपया कहां से लाए? इतना पैसा कहां से लूट कर लाए हैं। आगाह किया कि अगर मोदी प्रधानमंत्री बने तो गांव-गांव दंगे होंगे। जयंत के लिए उन्होंने ब्रजवासियों से समर्थन की प्रार्थना की।