दो सर्राफ ने खरीदा था पुणे की चोरी का सोना
कुरावली (मैनपुरी): महाराष्ट्र के पुणे से दो माह पहले चोरी किया गया सोना दो सर्राफ ने खरीदा था। चो
कुरावली (मैनपुरी): महाराष्ट्र के पुणे से दो माह पहले चोरी किया गया सोना दो सर्राफ ने खरीदा था। चोर पकड़ने के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने छापा मारकर नौ लाख का सोना बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों को छोड़कर वापस लौट गई।
कुरावली थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी परवेज पिछले 12 वर्षों से पुणे के दिगी गांव में टूरिस्ट बस चलाता है। 11 अप्रैल को उसने संजय गायकवाड़ के घर से लाखों रुपये के जेवर और एलसीडी टीवी चोरी की। परवेज ने यहां आकर सोना बेचा और कुछ दिन बाद वापस लौट गया। पुणे पुलिस ने परवेज को शक के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में परवेज ने संजय गायकवाड़ के घर के साथ ही पांच चोरियों की वारदात करने की बात कुबूल की।
जांच अधिकारी पुणे पुलिस के एएसआइ संतोष कांडे ने बताया कि परवेज ने चोरी किए गए जेवर कुरावली कस्बे के नरेंद्र ज्वैलर्स और पप्पू ज्वैलर्स पर 150-150 ग्राम सोना बेचने की बात कबूली।
सोमवार को परवेज को साथ लेकर एएसआइ संतोष कांडे, पीएन टांडे, वाडेकर, पीसी सोनके, बोराडे के साथ कुरावली कोतवाली पहुंचे। यहां स्थानीय पुलिस की मदद से नरेंद्र ज्वैलर्स और पप्पू ज्वैलर्स के संचालक नरेंद्र और पप्पू को हिरासत में ले लिया। दोनों ने चोरी का सोना खरीदने की बात कुबूली। देर रात दोनों के कब्जे से नौ लाख रुपये का सोना बरामद किया गया। बाद में चोरी का माल खरीदने के बाद भी दोनों कारोबारियों को थाने से छोड़ दिया गया। पुणे पुलिस परवेज और बरामद सोने को लेकर वापस लौट गई। कुरावली थाना प्रभारी नरेश चंद्र शर्मा कहते हैं कि चोरी का मामला महाराष्ट्र पुलिस का है। वहीं की पुलिस ने कार्रवाई की है।