दुष्कर्म के आरोपी झोलाछाप डॉक्टर के घर में लगी आग
मैनपुरी, किशनी : गुरुवार दोपहर बाद दुष्कर्म के आरोप में पकड़े गए झोलाछाप के घर में शुक्रवार सुबह रहस्
मैनपुरी, किशनी : गुरुवार दोपहर बाद दुष्कर्म के आरोप में पकड़े गए झोलाछाप के घर में शुक्रवार सुबह रहस्यमय ढंग से आग लग गई। पुलिस ने घर में आग लगने कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। वहीं गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया। पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
कोलकाता निवासी तारिक विश्वास झोलाछाप डॉक्टर हैं। वह पिछले कुछ वर्षो से कस्बा किशनी में शमशेरगंज पुलिया के पास क्लीनिक का संचालन कर रहा था। गुरुवार को एक महिला को इलाज के दौरान अचेत कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में लोगों ने तारिक की जमकर पिटाई की थी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई थी। घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस जेल भेजना चाहती थी। लेकिन भीड़ द्वारा झोलाछाप के कपड़े फाड़ दिए गए थे। इसलिए पुलिस उसे दूसरे कपड़े दिलवाने के लिए शुक्रवार सुबह उसके मुहल्ला गढ़ी स्थित किराए के घर पर लेकर गई तो पता चला कि घर के अंदर से धुआं उठ रहा है। ताला खोलकर अंदर जाकर देखा तो घर का सामान जल रहा था। पुलिस कर्मियों ने मामले की सूचना फायर बिग्रेड को दी। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। घर में बचे कुछ कपड़े लेकर आरोपी झोलाछाप को पुलिस वापस थाने ले आई और जेल भेज दिया। वहीं पीड़ित महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
थानाध्यक्ष एसआर गौतम ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुहल्ले के लोगों ने बताया निर्दोष
मुहल्ला गढ़ी के एक सैकड़ा महिला, पुरुष गुरुवार शाम थाने पहुंच गए और झोलाछाप को निर्दोष बताते हुए महिला के आरोप को झूठा बताया। घटना की जांच कर रहे थानाध्यक्ष ने लोगों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी तो मुहल्ले के लोग अपने घरों को लौट गए।