विवाहिता की मौत, ससुरालियों पर मुकदमा
मैनपुरी, भोगांव: दहेज के लिए ससुरालीजनों ने एक विवाहिता को पीट पीटकर मार डाला। हत्या के बाद शव को फांसी पर लटका दिया और भाग निकले। घटना के बाद ससुरालीजन जानवरों के साथ घर से भाग गए। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने करीब बीस घंटे तक शव को फांसी के फंदे से नहीं उतरने दिया। बाद में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए।
थाना बेवर के गांव गग्गरवाला निवासी इन्द्रेश यादव पुत्र मानसिंह यादव के द्वारा थाना कोतवाली में लिखाई गई रिपोर्ट में कहा है कि उसने अपनी बहन अंजू का विवाह 4 मार्च को भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम चन्दरपुर निवासी भारत सिंह के पुत्र रजत कुमार के साथ किया था। दहेज से अंजू के ससुरालीजन खुश नहीं थे। अतिरिक्त दहेज के लिए अंजू के साथ मारपीट करते थे। कुछ दिन पूर्व ही अंजू के ससुरालीजनों को एक लाख रुपये अतिरिक्त दहेज के रूप में देकर बहन का उत्पीड़न न करने का अनुरोध किया गया था। शुक्रवार को पूर्वान्ह 11 बजे उसके पास अंजू का फोन आया तथा उसने बताया कि उसका पति रजत कुमार, देवर अमित, ससुर भारत सिंह, सास सुमन एवं ताऊ दुर्विजय सिंह पांच लाख की अतिरिक्त दहेज के रूप में मांग कर उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। ससुरालीजनों ने घर का सामान व पशु भी कहीं भेज दिए हैं। इन लोगों से मेरी जान का बचा लो। उसी सूचना पर उसने ग्राम चंदरपुर बहन के घर आकर देखा कि बहन के ससुरालीजनों के द्वारा अंजू की मारपीट कर व गला दबाकर हत्या कर दी और शव को फंदे पर लटका दिया। सीओ रामानंद कुशवाहा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।