बहन के ससुरालियों ने की युवक की हत्या
जागरण संवाददाता, मैनपुरी: अदालत में चल रहे दहेज उत्पीड़न के मामले में समझौता न करने से नाराज बहन के ससुराली जनों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई ने कोतवाली में नामजद दर्ज कराई है।
मृतक के भाई कोतवाली क्षेत्र के गांव परोंख निवासी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी बहन ओमना सिंह का विवाह वर्ष 2008 में विजय प्रताप पुत्र दिवाकर सिंह भदौरिया निवासी हरिदर्शन नगर के साथ हुआ था। विवाह के बाद ससुरालीजनों ने दहेज की मांग को लेकर ओमना को घर से निकाल दिया। काफी समझाने के बाद भी बहन को अपने घर में रखने के लिए तैयार नहीं हुए। इस पर ससुराली जनों के खिलाफ दीवानी अदालत में दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा तथा भरण- पोषण का मुकदमा दायर किया गया। बहन के ससुराली जन लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे। पुष्पेंद्र ने बताया कि इसे लेकर ससुरालीजनों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
शुक्रवार को दिन में 11 बजे वह उसका भाई धीरेंद्र सिंह तथा बहन ओमना सिंह अपने घर में थे। तभी ओमना सिंह के पति विजय प्रताप, देवर विश्व प्रताप, ससुर दिवाकर सिंह, सास अस्मिता तथा एक अन्य युवती शिखा पुत्री अशोक निवासीगण हरिदर्शन नगर मैनपुरी एक सफेद रंग की बोलेरो में से आए। आते ही गाली- गलौज करते हुए घर में घुस गए। उनके हाथों में असलहा देख तीनों जान बचाकर घर की दूसरी मंजिल की ओर भागे। इस पर हमलावरों ने पीछा करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से भाई धीरेंद्र सिंह घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। धीरेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुष्पेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रभारी थानाध्यक्ष आरके चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। अभी कुछ भी कह पाना संभव नहीं है।
दो साल पहले भी हुआ था विवाद
मृतक और ओमना के ससुरालीजनों के बीच करीब दो साल पहले भी जमकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों से गोलियां भी चलीं थी और मारपीट हुई थी। तब पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की थी।