कानपुर की क्राइम ब्रांच का करहल में छापा
मैनपुरी: कानपुर में हुई चांदी लूट की वारदात को अंजाम देने वाले अभियुक्तों की तलाश में आई कानपुर की क्राइम ब्रांच टीम ने करहल पुलिस के साथ नगला टांक और नगला सामंत में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान चार युवकों को हिरासत में लिया गया है। भारी मात्रा में चांदी भी बरामद की गई है। हालांकि, पुलिस मामले को लेकर अधिकृत रूप से कुछ भी कहने के लिए तैयार नहीं है।
बुधवार रात करीब 12 बजे कानपुर की क्राइम ब्रांच टीम के आधा दर्जन से अधिक पुलिस कर्मी थाना करहल पहुंचे और नगला टांक और नगला सामंत में छापामार कार्रवाई करने के लिए इंस्पेक्टर करहल से फोर्स उपलब्ध कराए जाने की मांग की।
रात में ही क्राइम ब्रांच के लोग करहल पुलिस के साथ नगला टांक पहुंचे और यहां आधा दर्जन घरों में छापामार कार्रवाई करने के बाद राकेश, धर्मेद्र और विमलेश को हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस टीम ने नगला सामंत में छापामार कार्रवाई की और से विश्राम सिंह को हिरासत में ले लिया।
सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने दोनों गांवों में छापा के दौरान करीब 80 किलो चांदी भी बरामद की। गिरफ्तार चारों लोगों और बरामद चांदी के साथ कानपुर पुलिस रात में ही वापस लौट गई। बरामद चांदी के पीछे क्या कहानी है, साथ ही पकड़े गए युवकों को क्यों हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में करहल पुलिस ने कुछ भी खुलकर नहीं बताया।
इंस्पेक्टर जय नरायन सिंह ने बताया कि उन्होंने क्राइम ब्रांच के साथ अपनी पुलिस टीम मौके पर रवाना की थी। इस दौरान पुलिस द्वारा कुछ लोगों को हिरासत में लेकर चांदी बरामद की गई है। लेकिन कितनी चांदी बरामद हुई है और किसको हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में वे कुछ भी बताने के लिए तैयार नहीं हुए। छापे के कारण को लेकर उन्होंने कहा कि घटना कानपुर क्षेत्र में हुई थी। बरामद चांदी लूट की है या कुछ और मामला है इस संबंध में उन्हें सही जानकारी नहीं है।