विकास को तरजीह दे रहे युवा वोटर
मैनपुरी, कुरावली: लोकसभा चुनाव में बाजी मारने के लिए हर राजनीतिक दल के नेता व कार्यकर्ता पूरा जोर लगाये हुए हैं। हालांकि सभी जानते हैं कि लोकतंत्र के इस महापर्व का रंग बिना युवाओं की सहभागिता से गाढ़ा नहीं हो पायेगा। ऐसे में जागरण ने भी युवा मतदाताओं को टटोलने की कोशिश की। इसमें एक ही बात उभरकर सामने आई कि विकास और बेरोजगारों को रोजगार।
शकील अहमद का मानना है कि सभी राजनीतिक दल विकास को छोड़कर केवल जाति व संप्रदाय की बात कर रहे हैं। इसके उलट हम युवाओं को रोजगार की जरूरत है। हम देश से बेरोजगारी दूर करने वाले को अपना मत देंगे। इसी तरह अंशुल पाटिल को कुरेदा गया, तो उनके दिल की बात जुबान पर आ गई। बोले युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती शिक्षा ग्रहण करने की है। आवश्यकता है कि उच्च तकनीकी शिक्षा आसानी से मिले। हम शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले के साथ हैं। विशांत गुप्ता ने कहा कि देश की सीमाएं असुरक्षित होती जा रहीं है। देश में सशक्त सरकार की जरूरत है। देश सुरक्षित रहेगा तो हम विकास कर पाएंगे। ऋषभ जैन ने कहा कि हमारी पसंद तो वही है जो क्षेत्र के समग्र विकास के बारे में ठोस कार्ययोजना रखता हो। जाति व धर्म पर आधारित राजनीति ने समाज का बहुत बड़ा नुकसान किया है और अब इसका अंत होना चाहिए।