अब मेले का मजा लूटने में लगे लोग
जागरण संवाददाता, महोबा: आठ अगस्त से लगातार रात के समय होने वाले रंगारंग कार्यक्रमों का म
जागरण संवाददाता, महोबा: आठ अगस्त से लगातार रात के समय होने वाले रंगारंग कार्यक्रमों का मजा लूटने के बाद अब शहरवासी मेला में चाट-बतासा, झूला का मजा लूटने में जुट गए हैं। दिन में बेतहाशा भीड़ के बाद रात के समय कीरत सागर का तट रंगीन रोशनी में झिलमिल नजर आ रहा है। तट के किनारे बहुत लोग खुशबू बिखेरती मंद पवन का मजा लेने को आधी रात तक बैठे रहते हैं। लोगों की सुरक्षा को लेकर खाकी कड़ी पहरेदारी कर रही है। कैंप में दिन ही नहीं रात के समय भी पहरा दे रही है।
कजली महोत्सव का शुभारंभ आठ अगस्त को विजय जुलूस के साथ हुआ था। उस दिन से लेकर आज तक कीरत सागर की चहल पहल लगातार बढ़ती ही जा रही है। 12 अगस्त की रात को कवि सम्मेलन के बाद मुख्य मंच के रंगारंग कार्यक्रम भले ही समाप्त हो गए हों लेकिन आल्हा मंच की रौनक अभी बरकरार है। यहां लगातार नृत्य और आल्हा का कार्यक्रम जारी है। यहां दर्शक रात के समय अधिक जुट रहे हैं। दिन के समय लोग आते जाते रंगारंग कार्यक्रम का मजा ले रहे हैं।
झूलों में बढ़ी भीड़
इस समय इलेक्ट्रिक झूला का मजा लेने के लिए बच्चों की भीड़ अधिक नजर आ रही है। महिलाओं की भीड़ भी कम नहीं है। मेले के समापन का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, झूलों पर भीड़ और बढ़ रही है।
लाठी-कुल्हाड़ी भी आ रही पसंद
बुंदेली लाठी का अपना अलग ही रंग और स्थान है। तेल में पिलाई हुई लाठी की चमक लगातार बरकरार है। वहीं लोहे की कुल्हाड़ी कई डिजाइनों में हैं। फरसा और कांता भी लोगों को पसंद आ रहे हैं।
महिला पुलिस बहा रही पसीना
मेले में महिलाओं की भीड़ को देखते हुए महिला पुलिस काफी संख्या में तैनात की गई है। कैंप में ठहरने के साथ महिला पुलिस मेले की भीड़ के बीच में भी घूम-घूम कर महिलाओं की सुरक्षा पर नजर रख रही है।