पूर्व मंत्री का डॉक्टर बेटा दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार
महराजगंज में नौतनवा थाना क्षेत्र के नगर पालिका के बिस्मिल नगर वार्ड की एक युवती ने डॉ. शमीम लारी पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। डा. शमीम पेशे से चिकित्सक हैं।
महराजगंज (जेएनएन)। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्व. अब्दुल रऊफ लारी से सबसे बड़े पुत्र डा. शमीम लारी को आज दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया गया है। डॉ. शमीम पर एक युवती के साथ दुष्कर्म के बाद वीडियो बनाने का आरोप है।
महराजगंज में नौतनवा थाना क्षेत्र के नगर पालिका के बिस्मिल नगर वार्ड की एक युवती ने डॉ. शमीम लारी पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। डा. शमीम पेशे से चिकित्सक हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया है।
नौतनवा की ही 22 वर्षीय युवती तीन वर्ष पहले सिद्धार्थनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन में तैनात रहे चिकित्सक डा. शमीम लारी से संपर्क में आई। डाक्टर ने उसे नौकरानी के रूप में रख लिया। लड़की घर का काम संभालने के साथ डॉक्टर शमीम लारी के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन भी जाती थी। इसी दौरान डाक्टर ने झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बना लिया।
इसी दौरान उसने युवती की अश्लील फोटो और वीडियो भी बना ली और ब्लैकमेल करने के बाद कई बार दुष्कर्म किया। इसी बीच 16 नवंबर 2016 को डॉ. शमीम लारी की गोरखपुर जनपद में लकड़ी की शादी हो गई। आरोप है कि शादी के बाद भी डाक्टर फोन कर इस युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने का लगातार दबाव बनाने लगा। ऐसा न करने पर उसकी अश्लील फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देने लगा।
डाक्टर की इस हरकत से तंग होकर युवती ने पूरी बात अपने मां-बाप को बताई। वह अपने परिवार के लोगों के साथ कल नौतनवा थाने पर पहुंची और लिखित तहरीर देकर डाक्टर शमीम लारी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने बताया कि आरोपी डाक्टर के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।