किशोरों की स्वास्थ्य समस्या से रूबरू कराएगा साथिया एप
महराजगंज : राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े कर्मी अब हाइटेक होंगे। किशोरों के स्वास्थ्य
महराजगंज :
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े कर्मी अब हाइटेक होंगे। किशोरों के स्वास्थ्य संबंधी समस्या के बारे में जानकारी देने, उनको बेहतर चिकित्सा सुविधा व परामर्श मुहैया कराने तथा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए भारत सरकार ने साथिया नामक एप को लांच किया है। कर्मी अपने स्मार्ट फोन में इस एप को डाउनलोड कर किशोरों की समस्या को जानने के साथ-साथ नई सूचनाओं से भी अपडेट रहेंगे। किसी भी समस्या का निदान समस्या को जान कर ही किया जा सकता है। किशोरों के स्वास्थ्य संबंधी बढ़ती समस्या को देखकर भारत सरकार ने साथिया नामक एप लांच किया है। गूगल प्ले स्टोर के माध्यम से डाउनलोड किए जाने वाले इस मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े समस्त कार्यकर्ता किशोर वर्ग से जुड़ी सभी प्रकार की समस्याओं को जान सकेंगे तथा उनके बेहतर इलाज का परामर्श उपलब्ध करा पाएंगे। यही नहीं वे कार्यक्रम से जुड़ी नवीन सूचनाओं से भी अपडेट रहेंगे। साथिया नामक इस एप से जुड़ने के बाद जहां कर्मी तकनीकी रूप से मजबूत होंगे वहीं किशोरों को स्वास्थ्य के दृष्टि से बेहतर परामर्श भी मिल सकेगा।
---------------------
साथिया एप से जुड़ेंगे 7343 कर्मी
-भारत सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देश के क्रम में जिले के कुल 7343 कर्मियों को साथिया एप से जुड़ना होगा। जिले में तैनात 2423 आशा कार्यकर्ता, 282 एएनएम, 3137 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 1488 पीयर एजुकेटर तथा 13 काउंसलर साथिया नामक एप से जुड़ेंगे। एप से जुड़ने के बाद वे किशोरों की समस्या से रूबरू होंगे तथा उन्हें बेहतर परामर्श देने के साथ नई तकनीकी को भी जानेंगे। कर्मी आमजन को भी एप को जानने व समझने के लिए प्रेरित करेंगे।
----------------------
जिले में प्रभावी बनाया जाएगा कार्यक्रम : एसीएमओ
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम को जिले में पूर्णत: प्रभावी बनाया जाएगा। भारत सरकार के निर्देश के क्रम में जिले के सभी कर्मियों को एप डाउनलोड करने के निर्देश दे दिए गए हैं।