जाम नालियां खोल रही सफाई व्यवस्था की पोल
महराजगंज: नगर पालिका को वैसे तो आदर्श नगर पालिका का दर्जा प्राप्त है। मगर साफ सफाई व्यवस्था पर न
महराजगंज:
नगर पालिका को वैसे तो आदर्श नगर पालिका का दर्जा प्राप्त है। मगर साफ सफाई व्यवस्था पर नजर दौड़ायी जाए तो हालात कुछ और ही बयां करते हैं। नगर पालिका के कई वार्डो की नालियां महीनों से जाम पड़ी है। जो संक्रामक बीमारियों को दावत दे रहा है। नागरिकों ने जाम नालियों की सफाई न होने से आक्रोश व्यक्त किया है।
नगर के उस्मान नगर, गौतम बुद्ध नगर, बिस्मिल नगर, सुभाष नगर, सरोजनी नगर, विष्णुपुरी वार्ड, नानक नगर व घनश्याम नगर सहित कई वार्डों की नालिया हफ्तों से जाम पड़ी हैं। जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। जबकि नगर पालिका में सफाई कर्मियों की संख्या स्थाई व संविदा को लेकर 79 के करीब है, मगर नालियों के सफाई का आलम यह है कि वे हर ओर कूड़े-करकट से पट रही हैं। नागरिकों का कहना है कि साल में नपा प्रशासन द्वारा एक से दो बार ही नालियों की सफाई करा खानापूरी की जाती है। नगर पालिका के सफाई कर्मी नालियों पर रखे स्लैब को हटाकर सफाई नहीं करते जिससे बीच-बीच में नालियों की सफाई ही नहीं हो पाती है। जिससे पानी का बहाव ठीक ढंग से नही हो पाता। नगर की सफाई न होने से लोगों में आक्रोश है। नगर के सुनील, अशोक, प्रहलाद, संतोष, शुभम, विपिन अग्रहरि, विकास, रामकेवल, राम आसरे, शिव मद्देशिया, सूरज कुमार, नरसिंह, ओम प्रकाश, संगीता देवी, उर्मिला, सुनीता, सुमन, फूलमती, सुदामा, विंध्याचल, जितेन्द्र व राजेश आदि का कहना है कि कई बार वार्ड सभासद व नपा अध्यक्ष से नालियों की साफ सफाई की शिकायत भी की किन्तु नपा प्रशासन उस पर ध्यान नहीं दे रहे है।
नगर पालिका अध्यक्ष नायला खान का कहना है कि सफाई कर्मियों की कमी के कारण साफ-सफाई में थोड़ी बहुत समस्या उत्पन्न हो रही है। फिर भी प्रयास यही रहता है कि नगर के सभी वार्डो की नालियों की सफाई निरन्तर होती रहे।