बुलंदशहर में दो समुदायों में संघर्ष, 8 घायल
बुलंदशहर में दो समुदायों में संघर्ष, 8 घायल
लखनऊ। बुलंदशहर के कस्बा शिकारपुर में सगाई समारोह के दौरान बज रहे डीजे को लेकर दो समुदाय के लोगों में टकराव हो गया। पथराव, मारपीट और तोडफ़ोड़ हुई। जिसमें आठ लोगों के घायल होने के साथ पुलिस की जीप व एक प्राइवेट कार के शीशा तोड़ दिए गए।
शिकारपुर नगर के मोहल्ला मुफ्तीवाड़ा में मूलचंद सैनी के बेटे की सगाई के बाद देर रात घर के बाहर डीजे पर दोस्त और रिश्तेदार डांस कर रहे थे। इस बीच डीजे पर डांस कर रहे सात वर्षीय बालक तुषार सैनी को एक ईंट आकर लगी जिससे वह घायल हो गया। उसके बाद दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल की ओर से ईंट फेंके जाने के शक में लोगों ने हमला बोल दिया। उसके बाद दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ जिसमें दोनों ओर के आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस की जीप का साइड शीशा तथा एक घर के बाहर खड़ी मारुति वैन का शीशा भी टूट गया। एक पक्ष के इब्राहीम की तहरीर पर दूसरे पक्ष के मूलचंद, उसके भाई तथा दो पुत्रों समेत सात लोगों के खिलाफ बलबे की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उसने रिपोर्ट में स्वयं समेत चार लोगों के घायल होने की बात कही है। दूसरे पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने दर्ज हुए मुकदमे के आधार पर मूलचंद सैनी को हिरासत में ले लिया है।