सड़क बना लेबर रूम, मोहल्ले वाले डाक्टर-नर्स
मुरादाबाद के कंजरी सराय में सोमवार रात इंसानियत की मिसाल देखने को मिली। प्रसव पीड़ा के कराहती मूकबधिर महिला के दर्द को देखकर पूरा मुहल्ला जुट गया। मुहल्ले की महिलाओं ने नर्स और डॉक्टर की भूमिका निभाई तो पुरुषों ने जच्चा और बच्चे की सलामती के लिए दुआ की।
लखनऊ। मुरादाबाद के कंजरी सराय में सोमवार रात इंसानियत की मिसाल देखने को मिली। प्रसव पीड़ा के कराहती मूकबधिर महिला के दर्द को देखकर पूरा मुहल्ला जुट गया। मुहल्ले की महिलाओं ने नर्स और डॉक्टर की भूमिका निभाई तो पुरुषों ने जच्चा और बच्चे की सलामती के लिए दुआ की। कुछ ही पल में जब बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी तो सभी के चेहरे पर मुस्कराहट तैर गई। महिला ने स्वस्थ लड़के को जन्म दिया। रात में बच्चे का नाल भी पास के अस्पताल में कटवाया गया।
कंजरी सराय के लोगों के बीच एक मूकबधिर महिला कई माह से सड़क पर रह रही है। सोमवार रात वह प्रसव पीड़ा से रो रही थी। सुनकर चटाई और छाछ बनाने वाली महिलाओं की भीड़ जमा हो गई। मुहल्ले की महिलाएं कुछ समझ पाती इससे पहले ही महिला ने बेटा जन दिया। महिलाओं ने फौरन ही पर्दे का इंतजाम कर सड़क से गुजरने वाले लोगों को रोक दिया। पास ही के नर्सिंग होम से नर्स को बुलवाकर बच्चे का नाल कटवाया गया। इसके बाद महिला को उपचार के लिए जिला महिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे जरूरी टीके लगे। डॉक्टरों ने उसे भर्ती करने को कहा लेकिन महिला ने इशारों से मना कर दिया। रात में ही महिला लोगों के साथ लौट आई। इसके बाद मुहल्ले की महिलाओं ने पूरी रात देखभाल की और रजाई के साथ ही अन्य जरूरी सामान का इंतजाम किया।