दामाद का जघन्य कृत्य, ससुरालीजन पर फेंका तेजाब
मेरठ शहर में कल रात एक दामाद ने जघन्य कृत्य को अंजाम दिया। दामाद ने अपने ससुरालीजन पर राम में सोते समय तेजाब से हमला कर दिया। इससे सात लोग बुरी तरह से झुलस गये हैं।
लखनऊ। मेरठ शहर में कल रात एक दामाद ने जघन्य कृत्य को अंजाम दिया। दामाद ने अपने ससुरालीजन पर रात में सोते समय तेजाब से हमला कर दिया। इससे सात लोग बुरी तरह से झुलस गये हैं।
मेरठ के लिसाडी गेट के शौकीन गार्डन निवासी एक परिवार के सात लोगों पर रात में घर में सोते वक्त तेजाब फेंक दिया गया। इसमें पति पत्नी के अलावा पांच बच्चे बुरी तरह झुलस गए। घायलों में छह माह का बच्चा भी है। सभी को गंभीर हालत में मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना पर पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि निसार का दामाद साजिद से रुपये के लेनदेन को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। कल देर रात निसार अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहा था। तभी पूरे परिवार पर तेजाब उड़ेल दिया गया। पुलिस को दी गई तहरीर में निसार ने साजिद के साथ अपने दो भाइयों पर भी तेजाब फेंकने में शामिल होने का आरोप लगाया है।
गौरतलब है निसार की पत्नी ने अपने देवर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था,जिसका मुकदमा दर्ज है। पुलिस पूरे मसले को पारिवारिक विवाद के साथ ही इनके बीच रुपये के लेनदेन से जोड़ के देख रही है।