नरसंहार में छह नृशंस हत्याओं पर दहला मेरठ
गणतंत्र दिवस पर छह लोगों की नृशंस हत्या से पूरा मेरठ कांप उठा। मेरठ में लिसाड़ीगेट के सुहेल गार्डन में किराये पर रहने वाली महिला, उसके चार बच्चों और प्रेमी की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। महिला रुकसाना और उसके प्रेमी का शव बच्चों से करीब डेढ़ किमी दूर
लखनऊ। गणतंत्र दिवस पर छह लोगों की नृशंस हत्या से पूरा मेरठ कांप उठा। मेरठ में लिसाड़ीगेट के सुहेल गार्डन में किराये पर रहने वाली महिला, उसके चार बच्चों और प्रेमी की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। महिला रुकसाना और उसके प्रेमी का शव बच्चों से करीब डेढ़ किमी दूर पेड़ के नीचे पड़ा मिला। रुकसाना खतौली (मुजफ्फरनगर) के पूर्व चेयरमैन की पुत्रवधू थी और उसका पति इन दिनों जेल में है। रुकसाना दो दिन पहले शनिवार को सुहेल गर्डन में किराये के लिए मकान तलाश रही थी। उसके साथ चार बच्चों को देख शानू नामक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार कमरुद्दीन के निर्माणाधीन मकान में कुछ दिनों के लिए ठहरा दिया था। सोमवार को पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस की परेड चल रही थी, उसी दौरान सुहेल गार्डन में उस निर्माणाधीन मकान के अंदर से कुत्ते शवों को नोच रहे थे। आसपास काम करने वाले मजदूरों ने अंदर झांककर देखा, तो खून से लथपथ चार बच्चों के शव देख उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही एसएसपी ओंकार सिंह, सभी सीओ और कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अभी उन शवों को मोर्चरी भिजवाया ही जा रहा था कि परतापुर थाने के जुर्रानपुर फाटक के पास एक पेड़ के नीचे एक महिला और व्यक्ति का गला कटा शव पड़ा होने की जानकारी मिली। तत्काल ही सभी अधिकारी वहां पहुंचे। मकान स्वामी शानू ने महिला के शव को देखकर उसकी पहचान रुकसाना पत्नी नावेद उर्फ राजू निवासी खतौली के रूप में की। रुकसाना के ससुर खतौली के पूर्व चेयरमैन शराफत हैं। पड़ताल करने पर पता चला कि सुहेल गार्डन के कमरे में मिले शव भी रुकसाना के बच्चों रिमछा (20), सुहेल (12), जूली (9), गूंगी (6) के थे। रुकसाना के पास मिला शव शाहजहांपुर किठौर के साद का था, जो समर गार्डन में बाइक मिस्त्री था। पुलिस की मानें तो साद रुकसाना का प्रेमी था।
एसएसपी ओंकार सिंह ने बताया कि रुकसाना का पति नावेद तीन साल से मुजफ्फरनगर जेल में बंद है। उस पर भाई साकिब उर्फ बांके पर जानलेवा हमला करने का आरोप है, जबकि महिला का मायका सरधना है। उसके पिता हनीफ प्रॉपर्टी डीलर है। पुलिस इस नरसंहार के पीछे, प्रॉपर्टी या प्रेम प्रसंग मानकर चल रही है। करीब दर्जनभर युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एसएसपी ने बताया कि रुकसाना के भाई सोनी ने जेठ साकिब उर्फ बांके पर हत्या का शक जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। शाकिब फरार है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने पुलिस को आड़े हाथों लिया है। जागरण से बातचीत में उन्होंने कहा कि अपराधियों के आगे पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है। पुलिस को फोन लगाने पर डायल टोन में कहा जाता है, पुलिस आपके साथ, पर हकीकत यह है कि मेरठ पुलिस अपराधियों के साथ होकर रह गई है।