जौनपुर में 14 घंटे बाद कारागार की स्थिति सामान्य
जौनपुर जेल में बंदियों तथा बंदी रक्षकों के बीच संघर्ष के दौरान एक बंदी की मौत के बाद से वहां पर अराजक हुआ माहौल 14 घंटे बाद शांत हो गया। मंत्री पारसनाथ यादव ने मृतक के घरवालों से वार्ता कर मदद का भरोसा दिलाया।
लखनऊ। जौनपुर जिला जेल में कल रात बंदियों तथा बंदी रक्षकों के बीच संघर्ष के दौरान एक बंदी की मौत के बाद से वहां पर अराजक हुआ माहौल 14 घंटे बाद शांत हो गया। कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव ने मृतक बंदी के घरवालों से वार्ता कर उनको न्याय तथा मदद का भरोसा दिलाया।
मंत्री पारसनाथ यादव के मोर्चा संभालने के करीब 14 घंटे बाद जौनपुर के जिला कारागार की स्थिति सामान्य हुई। आज जेलर समेत जेल कर्मियो के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि मृतक श्याम कुमार के परिवार के लोगों को मंत्री पारस नाथ यादव ने 50 हजार की आर्थिक सहायता दी। इसके साथ ही मंत्री पारसनाथ ने पांच लाख रुपये की सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया।
इससे पहले जौनपुर जिला जेल में बंदियों का प्रदर्शन आज भी जारी रहा। कल रात के बवाल के बाद से डीएम तथा एसपी फोर्स के साथ जेल प्रांगण में ही डेरा डाले थे। प्रशासन हालात को काबू में लाने का प्रयास कर रहा था। उधर रामघाट पर मृत बन्दी श्याम यादव का अंतिम संस्कार न करने पर अड़े परिवार वालों की मांग पर प्रदेश के मंत्री पारस नाथ यादव रामघाट पर पहुंचे। मंत्री पारस नाथ यादव ने इस परिवार को 50 रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ ही श्याम यादव की मौत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसके बाद श्याम यादव के घर के लोगों ने अंतिम संस्कार शुरू किया।
गौरतलब है कि कल रात में जिला जेल में बंदियों तथा बंदी रक्षकों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान पिटाई के चलते बंदी श्याम कुमार यादव की मौत हो जाने के बाद बौखलाए बंदियों ने जमकर उपद्रव किया। जेल परिसर में घंटों चले पथराव व आगजनी में थानाध्यक्ष जफराबाद समेत 12 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। स्थिति को बेकाबू देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। देर रात तक जेल परिसर में फायरिंग होती रही।