Weather: उत्तर प्रदेश में जल्द हो आरंभ होगी प्री-मानसून बारिश
मानसूनी बारिश के लिए अभी तीन-चार दिन इंतजार करना पड़ेगा। 26-27 जून के बाद ही मानसून आ सकेगा लेकिन प्री मानसून बारिश जल्द शुरू होगी।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश के आसमान पर बादलों और सूर्यदेव के बीच आंख-मिचौली का खेल पूरे दिन जारी है। आज भी बदली के कारण लोगों को तपिश से मामूली राहत मिली। आसमान पर छाई बदली ने सूर्य की तपिश को कम किया लेकिन दिन में हवा की गति धीमी होने से उपजी उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। दोपहर को बादलों के बीच से निकलने वाली तेज धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। बीते दो तीन दिन पूरे दिन बादलों व सूर्यदेव के बीच लुकाछिपी चलती रही। हालांकि मानसूनी बारिश के लिए अभी तीन-चार दिन इंतजार करना पड़ेगा। आगामी 26-27 जून के बाद ही मानसून की पहली बारिश का लुफ्त मिलेगा लेकिन जल्द ही प्री मानसून बारिश आरंभ होगी।
बिहार पहुंच चुका मानसून
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मौजूदा समय में मानसून बिहार में पहुंच चुका है। यहां जल्द मानसूनी बारिश के लिए आवश्यक है कि वातावरण में पर्याप्त नमी और पूर्वा हवाएं हों। वातावरण में नमी की मात्रा तो अच्छी है, लेकिन हवाओं की दिशा बार-बार उत्तरी पश्चिमी हो जा रही है। इसी वजह से मानसून में थोड़ा विलंब हो रहा है, लेकिन चिंता करने की बात नहीं है। प्री-मानसून बारिश जल्द ही आरंभ होगी। गौरतलब है कि गत दिनों मामूली बूंदाबांदी हुई थी। इससे गर्मी से तो नहीं मिट सकी, उल्टे उमस घुल गई।
हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी
गुरुवार को भी सुबह के समय घने बादल छाए रहे लेकिन जैसे ही हवाओं की दिशा उत्तरी-पश्चिमी हुई, वैसे-वैसे बादल भी कम हो गए। पूरे दिन बादलों व सूर्यदेव के बीच आंख-मिचौली चलती रही और तापमान भी सामान्य स्तर पर रहा। फैजाबाद स्थित आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पूर्वा हवाएं चलती रहीं तो प्री मानसून बरसात जल्द ही लोगों को गर्मी से राहत देगी।
मानसून की गति कुछ कम
वरिष्ठ वैज्ञानिक मनोज त्रिपाठी ने प्रतापगढ़ में बताया कि मानसून दक्षिण गुजरात और पूर्वी बंगाल में जोर पकड़ लिया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में मानसूनी बरसात शुरू हो गई है। स्पीड कम होने के कारण यूपी में मानसून आने में विलंब हो रहा है। पांच दिनों के भीतर यूपी के जनपदों में मानसूनी बरसात शुरू होने के आसार हैं।