भाजपा में 'बाहरी' के प्रवेश की राह हुई आसान
आगामी निकाय चुनाव को देखते हुए भाजपा पिछले विधानसभा चुनाव के फॉर्मूले को फिर अपनाने जा रही है।
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। प्रचंड बहुमत की सरकार बनने के बाद से ही भाजपा में दूसरे दलों से आने वालों की कतार लगनी शुरू हो गई थी लेकिन, संगठन ने प्रवेश पर रोक लगाई थी। बुधवार को 'बाहरी' के प्रवेश की राह खुल गई। शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नेताओं को शामिल कराने से हुई।
प्रदेश अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा मुख्यालय में पूर्व विधायक, पूर्व एमएलसी, जिला पंचायत सदस्य समेत कई जनप्रतिनिधियों को भाजपा की पट्टिका पहनाकर सदस्यता दिलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बसपा छोड़कर आने वालों का स्वागत किया।
इस मौके पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा भी मौजूद थे। पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी, बागपत की पूर्व बसपा विधायक हेमलता चौधरी को केशव ने सदस्यता दिलाकर संकेत दे दिया कि अब दूसरे दलों के नेताओं की एंट्री शुरू होगी।
यह भी पढ़ें: अलीगढ़ से प्रदेश की किसान राजनीति को हवा देंगे राज बब्बर
आगामी निकाय चुनाव को देखते हुए भाजपा पिछले विधानसभा चुनाव के फॉर्मूले को फिर अपनाने जा रही है। जिला पंचायत सदस्य गाजियाबाद अमरपाल एवं बब्ली गुर्जर, ग्राम प्रधान अविनाश त्यागी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पिंकज गुजर, कपिल प्रधान, विवेक भाटी समेत कई लोगों ने बसपा छोड़कर भाजपा में आस्था व्यक्त की।