Move to Jagran APP

जन्मदिन पर मुलायम की मंत्रियों को सख्त नसीहत

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव आज अपने जन्मदिन पर भी सख्त दिखे। रामपुर में जन्मदिन

By Edited By: Published: Sat, 22 Nov 2014 03:48 PM (IST)Updated: Sat, 22 Nov 2014 03:48 PM (IST)
जन्मदिन पर मुलायम की मंत्रियों को सख्त नसीहत

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव आज अपने जन्मदिन पर भी सख्त दिखे। रामपुर में जन्मदिन समारोह के बाद उन्होंने समारोह के आयोजक आजम खां के कसीदे पढ़ने के साथ ही वहां पर मौजूद मंत्रियों की फौज को सख्त नसीहत दी।

loksabha election banner

मुलायम सिंह यादव ने आजम खां की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुझे जीवन में इतना सम्मान कभी नहीं मिला और आगे भी नहीं मिलेगा जितना आजम खां ने आज व कल रामपुर में दिया है। उन्होंने कहा कि इतना सम्मान मिलने से मैं काफी खुश हूं, लेकिन अब मुझे यह खुशी जनता में भी देखनी है। लोगों को भी इतना सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि लोगों को यह सम्मान तब मिल पाएगा जब उनके लिए विकास कार्य होंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के मंत्री गरीबों के लिए कुछ भी नहीं कर रहे हैं। शायद इन लोगों ने गरीबी देखी ही नहीं है। लगता है गरीबों से मतलब न रखने वाले सरकार में मंत्री बने हैं। मुलायम सिंह ने कहा कि मेरा मानना है कि अगर सरकार का हर मंत्री अपने ही गांव का विकास करने में लग जाए तो उत्तर प्रदेश के गांवों की सूरत निखर जाएगी। मुलायम सिंह ने कहा कि मंत्रियों को अपने गांव की सड़क, बिजली व पानी व्यवस्था सुधारनी होगी। इसके बाद मंत्रीगण गांव हर परिवार से एक-एक व्यक्ति को रोजगार मुहैया कराने का बीड़ा उठा लें तो मामला काफी सुधर जाएगा। इन सभी को मन लगाकर काम करने की आदत डालनी होगी। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसा राज्य प्रदेश में कहीं नहीं है। यहां जैसी मिट्टी, पानी, पत्थर तथा लकड़ी किसी अन्य राज्य में नहीं मिलेगी। इन सभी साधनों को विकसित करना सरकार के मंत्रियों का काम है। उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी नहीं बख्शा। मुलायम ने अखिलेश की ओर मुखातिब होकर कहा कि मुझे घोषणाएं नहीं चाहिए, विकास चाहिए। उन्होंने कहा कि अब जरुरत है कि गरीब नौजवान, विधवा व जरुरतमंदों को भी सम्मान दिया जाए। ऐसे लोग जिनके पास कड़ाके की ठंड में कपड़ा नहीं है, मकान नहीं है, उनके लिए कुछ करने की जरुरत है।

आजम खां की प्रशंसा में मुलायम सिंह ने जमकर कसीदे पढ़े। उन्होंने कहा कि आयोजन और सम्मान के लिए आजम खान को धन्यवाद। मुलायम ने कहा कि आजम साहब और मैंने कई संकटों का सामना किया है। आजम के खिलाफ लोगों ने कई षड्यंत्र रचे हैं, लेकिन हमारी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर सूबे की जनता ने उन लोगों को जवाब दिया है। देश के सबसे बड़े राज्य में हमारी सरकार है। उन्होंने कहा कि रामपुर में लोगों को हमसे बहुत उम्मीदें हैं। आज पूरे देश में रामपुर को देखा जा रहा है। मैंने रामपुर के हर कस्बे में रात गुजारी है। यहां के विकास के लिए धन की कमी नहीं रहेगी। मुलायम ने कहा कि उनका रामपुर से गहरा नाता है। वे यहा कई बार सोएं हैं। आज देश रामपुर की ओर देख रहा है। सपा देश में सबसे मजबूत पार्टी है। उत्तर प्रदेश हिंदुस्तान है, जो भी दिल्ली जाता है यूपी से जाता है। हमें सोचना चाहिए कि यूपी के लिए क्या करना है। रामपुर में घोषणाओं से काम नहीं होगा। हफ्ते से पंद्रह दिन में काम हो जाए तो समझो कुछ हुआ है।

इससे पहले सीएम अखिलेश यादव ने नेताजी के बारे में कहा कि चरखा दाव उनके सिवा और कोई नहीं जानता है। अब समाजवादियों को उनसे बुद्धि दाव भी सीखने की जरुरत है। सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग इतिहास नहीं पढ़े हैं, वही बीच में खाई पैदा कर रहे हैं। समाजवादियों का वही सेकुलर रास्ता है। भरोसा दिलाना चाहते हैं कि कैसी भी परिस्थितिया होंगी, हम लोग सेकुलर व सोसलिस्ट रहेंगे। देश को खुशहाली के रास्ते पर ले जाएंगे। सपा के लिए रामपुर एक खास स्थान रखता है। आजम साहब ने तमाम मुश्किलों का मुकाबला कर रहे हैं। वह जो भी कर रहे हैं, वह आने वाली पीढि़यों के लिए है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.