मोदी के आदर्श गांव नागेपुर पहुंची टीम, विकास कार्यों का बनेगा डीपीआर
दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सांसद आदर्श गांव के तौर पर चुने गए गांव नागेपुर का विकास बेंगलुरु (कर्नाटक) की शिकान कंस्ट्रक्शन कंपनी करेगी। हालांकि डीपीआर बनाने का कार्य रांची (झारखंड) की ग्लोबल प्रोजेक्ट एंड इंजीनियरिंग कंसल्टेंट कंपनी करेगी। इसी आधार पर गांव का विकास किया जाएगा।
लखनऊ। दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सांसद आदर्श गांव के तौर पर चुने गए गांव नागेपुर का विकास बेंगलुरु (कर्नाटक) की शिकान कंस्ट्रक्शन कंपनी करेगी। हालांकि डीपीआर बनाने का कार्य रांची (झारखंड) की ग्लोबल प्रोजेक्ट एंड इंजीनियरिंग कंसल्टेंट कंपनी करेगी। इसी आधार पर गांव का विकास किया जाएगा।
रांची (झारखंड) से ग्लोबल प्रोजेक्ट एंड इंजीनियरिंग कंसल्टेंट कंपनी की छह सदस्यीय टीम सोमवार को नागेपुर गांव पहुंची। टीम में रमेश कुमार सिन्हा, अभिषेक कुमार सिंह, सोनल सिन्हा, फुरखान, दिवाकर व सांता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गांव में क्या-क्या है और किस-किस चीज की जरूरत है आदि बिंदुओं को फोकस कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। सर्वे में सड़क, पेयजल, बिजली, विद्यालय, अस्पताल, खेती, नहर, शिक्षा का स्तर, जनसंख्या, परिवारों की संख्या, महिला-पुरुष व बच्चों की संख्या, कच्चे-पक्के मकान, शौचालय, बैंक खाते, आइडी कार्ड, खाना पकाने के साधन, राशन कार्ड समेत 18 बिंदुओं को सर्वे के लिए रखा गया है। पहले दिन सड़क का सर्वे किया गया। सर्वे के बाद डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार होगी जिसे बेंगलुरु की शिकान कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपी जाएगी। उनके द्वारा गांव में विकास कार्य कराएं जाएंगे।