'नमामि गंगे' की जमीनी हकीकत परखने इलाहाबाद पहुंचीं उमा
केंद्र सरकार की प्रमुख वरीयता वाले प्रोजेक्ट 'नमामि गंगे' की प्रगति देखने आज केंद्रीय नदी विकास, गंगा कायाकल्प तथा जल संसाधन मंत्री उमा भारती इलाहाबाद पहुंची। इस दौरान उन्होंने घर जाकर बीते महीने सड़क दुर्घटना में घायल जस्टिस गिरधर मालवीय तथा उनकी पत्नी का हालचाल जाना।
लखनऊ। केंद्र सरकार की प्रमुख वरीयता वाले प्रोजेक्ट 'नमामि गंगे' की प्रगति देखने आज केंद्रीय नदी विकास, गंगा कायाकल्प तथा जल संसाधन मंत्री उमा भारती इलाहाबाद पहुंची। इस दौरान उन्होंने घर जाकर बीते महीने सड़क दुर्घटना में घायल जस्टिस गिरधर मालवीय तथा उनकी पत्नी का हालचाल जाना।
देश की जीवनदायिनी मानी जाने वाली गंगा नदी की निर्मलता के लिए केंद्र सरकार की योजना 'नमामि गंगे' की प्रगति की जमीनी हकीकत परखने आज मंत्री उमा भारती ने इलाहाबाद का रुख किया। योजना जमीनीस्तर पर हो रही है या कागजी खानापूर्ति तक सीमित है, उसकी पड़ताल करने को उमा भारती ने आज सर्किट हाउस में भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों से मिलकर गंगा में हो रहे कार्यों का ब्योरा लिया। आज दिन में ही उमा भारती करीब एक बजे सलोरी के एसटीपी प्लांट का भी जायजा लेंगी। बैठक के बाद उमा भारती बीते माह सड़क दुर्घटना में घायल हुए न्यायमूर्ति गिरिधर मालवीय एवं उनकी पत्नी कांता को देखने उनके आवास गईं। दोपहर दो बजे के बाद वह नगर निगम, एडीए, जल संस्थान, सिंचाई विभाग, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर गंगा सफाई पर अब तक हुए कार्यों की जानकारी प्राप्त करेंगी। योजना के तहत अभी तक हुए कार्यों एवं भविष्य की योजनाओं का पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन होगा। उमा भारती सलोरी एसटीपी का मौके पर जाकर निरीक्षण करके नाले पानी की सफाई की हकीकत देखेंगी।