लव, सेक्स और धोखे के कारण मेरठ में हुआ तिहरा हत्याकांड
मेरठ के शास्त्रीनगर के फ्लैट में इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर, उनकी पत्नी और युवती रिया उर्फ रेनू के कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गय
लखनऊ (जेएनएन)। मेरठ के शास्त्रीनगर के फ्लैट में इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर, उनकी पत्नी और युवती रिया उर्फ रेनू के कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। खुलासे में बड़े घर की गन्दी कहानी के साथ साथ सेक्स स्कैंडल, आईपीएल में घाटा और उसकी एवज में तीन खून सामने आए हैं। आईजी ने आज प्रेस कान्फ्रेंस में इसका खुलासा किया।
पिछले शनिवार को शास्त्रीनगर पॉश इलाके में इंश्योरेंस कंपनी में सहारनपुर में तैनात मैनेजर चंद्रशेखर गुप्ता, उनकी पत्नी पूनम गुप्ता और सेक्स रैकेट चला रही रिया उर्फ रेनु की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक कत्ल की इस सनसनीखेज वारदात को तीन लोगों ने अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक गुप्ता दम्पति गलत कामों के लिए अपने मकान का कमरा देते थे। इसकी एवज में वह 500 रुपये लेते थे। रिया को पहले विकास उर्फ विक्की इस्तेमाल करता था। कुछ दिन से रिया उससे अलग हो गई थी। तीसरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी सचिन सक्सेना नहीं, विकास उर्फ विक्की है।
सचिन कारोबारी है लेकिन आईपीएल में सट्टा लगाने में उसको ढाई लाख का घाटा हो गया था। वह परेशान था। विक्की ने रिया और गुप्ता दम्पति की मार्फत इस घाटे की भरपाई करने की बात कही। सचिन रिया को मारने और गुप्ता दम्पति के घर लूट को तैयार हो गया। सचिन ने अपने एक दोस्त का सहारा लिया। रिया को फोन करके मिलने का समय तय किया। शास्त्रीनगर 199/5 में पहले उसने रिया की हत्या की और घटना के चश्मदीद होने पर गुप्ता दम्पति की भी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक सेक्स स्कैंडल और लूट के इरादे से घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने रिया की स्कूटी भी बरामद कर ली है और आला-ए-कत्ल भी। घटना के बाद से पुलिस की हिरासत में पुष्पेन्द्र अब मुख्य आरोपी नहीं रहा है। पिछले पांच दिन से पुष्पेन्द्र को ही मुख्य आरोपी माना जा रहा था।