भाजपा के राज में देश तथा प्रदेश विकास पथ पर : केशव प्रसाद
केशव प्रसाद मौर्य ने भरोसा जताया कि भाजपा के शासन में देश तथा प्रदेश का विकास तय है। प्रदेश को सपा, बसपा और कांग्रेस से मुक्त करने का दावा करते हुए मोदी सरकार की सराहना की।
लखनऊ (जेएनएन)। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के तीन वर्ष पूरा होने पर उप मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को बधाई दी है। लखनऊ में एक कार्यक्रम में केशव प्रसाद मौर्य ने भरोसा जताया कि भाजपा के शासन में देश तथा प्रदेश का विकास होना तय है।
केशव प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार पांच वर्ष में जितने गेहूं खरीद नहीं की महज 66 दिनों में उससे ज्यादा गेहूं खरीद भाजपा सरकार ने किया है। अब उत्तर प्रदेश को सपा, बसपा और कांग्रेस से मुक्त करने का दावा करते हुए उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार की जमकर सराहना की। केशव प्रसाद ने सहारनपुर की जातीय हिंसा के लिए मायावती को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने चेतावनी दी अब उनको राजनीतिक रोटी सेकने का अवसर नहीं मिलने वाला है।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने मोदी सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल की पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से तुलना करते हुए कहा कि मोदी जब भी विदेश गए तो उनके साथ भारत की गरिमा और प्रभुता झलकी लेकिन मनमोहन किसी भी देश में गए तो लगा कि जैसे कोई बीपीएल कार्ड धारक गया है। विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित संगोष्ठी को केशव और हृदय नारायण दीक्षित के अलावा भाजपा के संगठन महामंत्री सुनील बंसल और अर्थशास्त्री प्रोफेसर अरविंद मोहन ने संबोधित किया।