यादव सिंह के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल, सीबीआई जांच की मांग
अरबों के घोटाले में घिरे नोएडा प्राधिकरण के निलंबित अभियंता यादव सिंह के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। केंद्रीय मंत्री व भाजपा के क्षेत्रीय सांसद डा. महेश शर्मा की अगुवाई में यादव सिंह प्रकरण सहित प्राधिकरण में भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर सेक्टर-6 कार्यालय पर पार्टी
लखनऊ। अरबों के घोटाले में घिरे नोएडा प्राधिकरण के निलंबित अभियंता यादव सिंह के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। केंद्रीय मंत्री व भाजपा के क्षेत्रीय सांसद डा. महेश शर्मा की अगुवाई में यादव सिंह प्रकरण सहित प्राधिकरण में भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर सेक्टर-6 कार्यालय पर पार्टी का जोरदार प्रदर्शन चल रहा है।
सुबह 11.30 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में सूबे के कई विधायक व सांसद शिरकत कर रहे हैं।प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने यादव सिंह मामले में सीबीसीआइडी व प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की सीबीआइ जांच की मांग की। दोपहर 12 बजे तक तकरीबन हजार भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। दो बजे तक चलने वाले प्रदर्शन में दस हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों के शामिल होने का अनुमान है। प्रदर्शन में हजारों लोगों के जुटने के कारण गोलचक्कर की तरफ से उद्योग मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुबह से ही रोक दी गई है। गौरतलब है कि यादव सिंह प्रकरण के साथ-साथ प्राधिकरण में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा ने संघर्ष का एलान किया है। भाजपा का आरोप है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने अरबों के घोटाले से जुड़े यादव सिंह के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे तो लगता है कि उत्तर प्रदेश सरकार की भी इसमें मिली भगत है। सपा सरकार ने प्रदेश में सत्तारूढ़ होने के बाद यादव सिंह के खिलाफ 964 करोड़ करोड़ रुपये के घोटाले में जांच बैठाने के साथ उसको निलंबित भी किया था। इतना ही नहीं सरकार ने यादव सिंह के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी किया था। दो साल के अंतराल के बाद जांच रफा-दफा कर दी गई और यादव सिंह को नोएडा के तीन प्राधिकरण का मुख्य अभियंता बनाकर उसको पुरस्कृत किया। भाजपा की मांग है कि उत्तर प्रदेश सरकार यादव सिंह के खिलाफ सीबीआई जांच की संस्तुति करे। जिससे सरकार तथा यादव सिंह के संबंधों का काला चिट्ठा खुल सके। भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा अथॉरिटी के सेक्टर-6 कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात है। नोएडा में सेक्टर-6 तथा सेक्टर-2 के रूट बंद किए गये हैं।