यूपी में तीन सड़क दुर्घटनाओं में चार की मौत, तीन गंभीर
उत्तर प्रदेश में आज सुबह तीन सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन गंभीर रूप से घायल भी हैं। महराजगंज में दो की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर है। आगरा तथा प्रतापगढ़ में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है, इनकी अभी शिनाख्त होना बाकी है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज सुबह तीन सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन गंभीर रूप से घायल भी हैं। महराजगंज में दो की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर है। आगरा तथा प्रतापगढ़ में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है, इनकी अभी शिनाख्त होना बाकी है। आगरा में सड़क दुर्घटना में अज्ञात की मौत के बाद आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए हैं।
महराजगंज जिले के कोल्हुई थानाक्षेत्र के पिपरा पेट्रोल पंम्प के पास आज बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गयी। इस दुर्घटना में पीपीगंज की लड़की मुस्कान (7 वर्ष) के साथ एक अन्य की मौत हो गयी, जबकि लाडले (25 वर्ष), नूरजहां (50 वर्ष), गुडडी (40 वर्ष) को गम्भीर हालत में बनकटी सीएचसी में भर्ती कराया गया। सभी एक ही परिवार के हैं। बताया जा रहा है कि यह परिवार झाड़ फूक कराने नौतनवा की तरफ जा रहा था।
आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में ट्रक ने एक अज्ञात को कुचल दिया। इसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना के आक्रोशित लोगों ने हंगामा कर दिया है। इन लोगों ने पुलिस के पास से शव को अपने हाथ में लेकर सड़क पर रख दिया है। यह लोग शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतापगढ़ के लालगंज क्षेत्र में आज सुबह एक ट्रैक्टर ट्राली तथा बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। पुलिस मौके पर डटी है।