Move to Jagran APP

उत्तर प्रदेश में कड़ी सुरक्षा के बीच पहले चरण के लिए हिंसक मतदान

उत्तर प्रदेश में आज ग्राम प्रधान तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के चुनाव का पहला चरण हिंसा की भेंट चढ़ गया। मतदान के समय के पहले तीन घंटे में ही प्रदेश में कई जगह पर फायरिंग और पथराव के कारण दर्जनों लोग घायल हो गए हैं। आगरा में एक व्यक्ति

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sat, 28 Nov 2015 11:39 AM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2015 07:59 PM (IST)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज ग्राम प्रधान तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के चुनाव का पहला चरण हिंसा की भेंट चढ़ गया। मतदान के समय के पहले तीन घंटे में ही प्रदेश में कई जगह पर फायरिंग और पथराव के कारण दर्जनों लोग घायल हो गए हैं। आगरा में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। इसके बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया हिंसा बढ़ती गई। महराजगंज, एटा, बस्ती, रामपुर, अमरोहा, संतकबीरनगर, चंदौली, हरदोई, बाराबंकी फतेहपुर और प्रतापगढ़ समेत कई जिलों के मतदान केंद्रों पर बवाल मचा। मारपीट, मतपेटी लेकर भागना, स्याही डालना, पथराव और फायरिंग जैसी घटनाओं के बीच कुछ स्थानों पर पुलिस को हालात काबू करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।

loksabha election banner

महराजगंज में लाठीचार्ज --महराजगंज में बृजमनगंज विकास खंड क्षेत्र के ग्राम सभा मैनहवा की प्रधान पद की प्रत्याशी मीरा देवी के पति उमाशंकर द्वारा बैलेट पेपर लेकर भागने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें दौड़ा कर पीटा। कोल्हुई पुलिस पकड़ कर उन्हें ले कर थाने गई। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने राजपुर-मैनहवा मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी व जोनल मजिस्ट्रेट पहुंचे है। जाम हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया, लेकिन ग्रामीण मौके पर डटे हैं। पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करने से एक महिला घायल हो गई है। सीओ व एसडीएम से ग्रामीणों की वार्ता के बाद भी जाम करीब साढे पांच बजे तक जारी रहा। पुलिस प्रशासन की सभी गाडियां भी फंसी हैं।

गोरखपुर में अधिकारी को पीटा---गोरखपुर के पिपराइच क्षेत्र पंचायत के सिधावल बूथ पर कुछ लोगों ने सहायक निर्वाचन अधिकारी आरके गौतम को दौड़ाकर पीटा गया। आरोप है कि वह गलत मतदाता सूची लेकर पहुंचे थे, जिसमें अनेक लोगों का नाम गायब था। तहरीर देने की तैयारी की जा रही है। बस्ती जिले के राम नगर ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय आल्हे कुइयां पर खम्हरिया पूरब ग्राम पंचायत के मतदान के दौरान जमकर बवाल हुआ। एक नकाबपोश महिला को वोट डालने से रोकने की प्रतिक्रिया में दो गुट आपस में भिड़ गए। जमकर पत्थरबाजी व मारपीट के बीच संघर्ष के बीच बूथ संख्या 22 की मतपेटिका लूट ली गई और उसमें पानी डाल दिया गया। सौ से अधिक उपद्रवी बूथ संख्या 21 की ओर भी बढ़े, मगर वहां के मतदान कर्मियों ने पेटिका समेत खुद को कमरे में अंदर बन्द कर सुरक्षित कर लिया। शेष मतदान कर्मी व तैनात जवान जान बचाकर भाग निकले। इस बीच करीब 20 मिनट तक वहां अराजकता का आलम रहा। घटना में प्रत्याशी समेत दो दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आईं। घटना की सूचना पाते ही डीएम अनिल कुमार दमेले व पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा भारी लाव-लश्कर के साथ पहुंचे और पलटवार करते हुए अराजकतत्वों पर जमकर कहर बरपाया। घरों में घुस-घुसकर तलाशी ली गई। डेढ़ दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जिस समय बवाल हुआ, तब तक वहां कुल 622 में से 440 मत पद चुके थे। संतकबीर जिले के बेलहर विकास खंड के मठिया बार गांव में आज करीब साढ़े दस बजे फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इसमें तीन लोग घायल हैं। पुलिस ने मामला शांत कराया। चंदौली के शहाबगंज ब्लॉक के सुल्तानपुर गांव में बूथ संख्या 120-121 पर नौ बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सका था। प्रधान पद के प्रत्याशियों का आरोप है कि उनको बिना उनको दिखाए मतपेटी को खोला गया है। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा। डीएम व एसपी मौके पर हैं। यहीं के करंजाकला विकास खंड के अभयचंद्र पट्टी बूथ से डीएम के आदेश पर पुलिस ने मोबाइल फोन के साथ मौजूद दो एजेंट को बाहर किया। बलिया के रसड़ा क्षेत्र में छिब्बी बूथ पर फर्जी मतदान करते समय एक को पकड़ा गया।

एटा में प्रत्याशियों के बीच गोलीबारी---एटा में आज सुबह सोरों के भिडोनी गांव में प्रधान पद के प्रत्याशियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। इसमें आठ लोग घायल हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। एटा के ही अलीगंज के बिथरा गांव मे प्रधान पद के प्रत्याशियों के बीच फायरिंग के कारण 11 बजे तक मतदान शुरू नहीं हो पाया था। एसडीएम चन्दन पटेल मौके पर हैं। रामपुर के राजा का रामपुर क्षेत्र में बूथ कैप्चरिंग का प्रयास किया गया। सफल न रहने पर अराजक लोगों ने मतदान केंद्र के पास आग लगाई।

रामपुर में मतदान के दौरान रायपुर का मझरा गांव में कुछ लोगों ने पुलिस की टीम पर हमला बोल दिया। हंगामे के बाद फायरिंग भी की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में फोर्स पहुंची तब मामला शांत हो सका। अमरोहा के धवारसी मतदान केंद्र पर हंगामा बढऩे के बाद पुलिस ने लाठी चार्ज किया। संभल जिले में कुछ अतिसंवेदनशील बूथ पर अर्धसैनिक बल के जवान तैनात हैं। फतेहपुर जिले के मलवां ब्लाक के मुरादीपुर में मतदान शुरू होने से पहले सुबह साढ़े छह बजे ही दो गुटों में संघर्ष हो गया। इसमें एक प्रत्याशी को पीटकर घायल करने के बाद से विरोध बढ गया। विरोध में लोगों ने एक घंटे हाईवे जाम करने के बाद बवाल भी किया। इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया। जिसमें एएसपी, व सीओ सहित पांच पुलिस कर्मी घायल है। इसके बाद भारी फोर्स के साथ पहुंचे डीएम व एसपी ने मामला कराया शांत। हरदोई में सपा नेता पूर्व ब्लाक प्रमुख ने मतदान से पहले ग्रामीणों को काफी धमकाया। उसने फायरिंग करने के बाद फिर पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। हरदोई के अरवल थाना के तेरापुरौली गांव में कल रात रुपया बांटने को के बाद वोट न देने पर सांडी के पूर्व ब्लाक प्रमुख व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिह यादव ने गांव वालों को धमकाया। थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंच कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उनको छुड़ाने के लिए इन लोगों ने पुलिस का पीछा करने के साथ पथराव व फायरिंग भी भी। पूर्व ब्लाक प्रमुख सहित अन्य कई लोगों को गिरफ्तार करने के साथ पुलिस ने दो तमंचा और लाठी डंडे भी बरामद किया है।बाराबंकी के फतेहपुर के बूथ संख्या 157 राम मंडई प्राथमिक विद्यालय में चुनाव रुका। मतपत्र में 8 की जगह 7 चुनाव चिन्ह होने पर बवाल। यहां एसडीएम व सीओ के साथ भारी पुलिस बल तैनात है। लाठीचार्ज के बाद गांव में तनाव है। ग्रामीणों तथा अधिकारियो में तीखी बहस होने के बाद मतपत्र बदलने की कार्यवाही शुरू हो गई है। आगरा के शमसाबाद के एत्मादपुर अजमेरा गांव में प्रधान प्रत्याशी अवधेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आज सुबह सुबह वोटर के साथ घर से मतदान केंद्र को निकाल रहे थे। इसी बीच स्कोर्पियो सवारों ने गोली मार दी बवाल की आशंका पर मतदान स्थगित कर दिया गया है। मतदान कर्मी मतदान केंद्र पर ताला डालकर वहां से भाग गये हैं।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

उत्तर प्रदेश में ग्राम प्रधानी चुनाव में आज पहले चरण का मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 74 जिलों में वोट डाले जा रहे हैं। मतदान शाम 4:30 बजे तक चलेगा। पहले चरण में 15646 ग्राम पंचायतों में कुल 126161 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण के चुनाव के लिए 20935 मतदान केंद्र और 47303 मतदेय स्थान बनाए गये हैं। पहले चरण में 29768710 मतदाता अपने उम्मीदवारों को चुनेंगे। पहले चरण में ग्राम प्रधान की एक सीट के लिए औसतन आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण में 44.5 फीसदी महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं 55.5 फीसदी पुरुष उम्मीदवार मैदान में हैं। ग्राम पंचायत चुनाव में 33 फीसदी सीट महिलाओं के लिए अरक्षित है इसके बावजूद 44.5 फीसदी महिलायें मैदान में हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.