किसानों के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी कांग्रेस: राजबब्बर
राजबब्बर ने कहा कि किसानों के लिए कांग्रेस सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगी। इसलिए प्रदेश का दौरा कर किसानों का दुख-दर्द बांटने की कोशिश कर रहा हूं।
लखनऊ (जेएनएन)। कांग्रेस की किसान यात्रा अपने अभियान पर निकली है। यह अलीगढ़ से शुरू होकर आगरा होते गौतमबुद्ध नगर पहुंची। यहां किसान पंचायत प्रस्तावित रही। इस पंचायत में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि किसानों पर हो रहे अत्याचार एवं हत्याओं के विरोध में पार्टी देश के किसानों के साथ खड़ी है। जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिल जाता, हम चैन से नहीं बैठेंगे। किसानों के लिए हमारी पार्टी सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगी। इसलिए प्रदेश का दौरा कर किसानों का दुख-दर्द बांटने की कोशिश कर रहा हूं।
यह भी पढ़ें: अखाड़ा परिषद को शंकराचार्यों को मान्यता देने का अधिकार नहीं
वह आज गौतमबुद्धनगर के लच्छी गांव में किसान पंचायत में शामिल होने पहुंचे थे। सेक्टर-122 स्थित गोल चक्कर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यहां पार्टी कार्यकर्ता रामकुमार ने नोएडा के भी किसानों के भूमि अधिग्रहण नियम से त्रस्त होने की बात रखी। बताया कि किसानों पर झूठे मुकदमे प्राधिकरण द्वारा दर्ज कराए गए हैं। नोएडा के किसानों को अभी तक मालिकाना हक नहीं मिला है। प्रदेश अध्यक्ष ने इस पर किसानों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।