भाजपा और मोदी झूठ को सच साबित करने में माहिर : दिग्विजय
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा और मोदी झूठ को सच साबित करने में माहिर हैं। जबकि कांग्रेस सच को बता भी नहीं पाती है।
लखनऊ। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झूठ को सच साबित करने में महारत हासिल है, जबकि कांग्रेस सच्चाई को बयां करने में पिछड़ रही है। यही वजह थी कि हम सत्ता से बाहर हो गए। दो वर्षों में मोदी सरकार ने केवल पुराने कार्यों का ही शिलान्यास और लोकार्पण किया है। रही सही कसर वह कांग्रेस सरकार की जनोपयोगी योजनाओं का नाम बदलकर पूरा कर रही है।
विवादस्पद बयानों के लिए चर्चित कांग्र्रेस नेता दिग्विजय सिंह काशी में गुरुवार को अपने स्वाभाविक अंदाज में तो दिखे, पर उनके निशाने पर सिर्फ मोदी और उनकी सरकार ही रही। चुनावों में कांग्रेस की पराजय को लेकर कमजोर नेतृत्व व नेतृत्व में परिवर्तन को लेकर उठ रहे सवालों पर वह कन्नी काट गए। दिग्विजय ने यहां कांग्रेस की ओर से श्वेत पत्र भी जारी किया, जिसमें मोदी सरकार के दो साल के काम पर सवालिया निशान उठाए गए। पत्रकारों से बातचीत में दिग्विजय ने कहा कि मां गंगा के बुलावे पर बनारस पहुंचे पीएम मोदी ने सरकार बनते ही गंगा को भुला दिया। गंगा की स्वच्छता पर पांच साल में 20 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की थी, लेकिन दो साल में चार हजार करोड़ भी खर्च नहीं किए। जिस अस्सी घाट पर मोदी ने फावड़ा चलाकर सफाई की थी, उसी घाट पर आज भी नाले का पानी गिर रहा है। कहा कि भाजपा ङ्क्षहदुओं का भला करने के बजाए इससे धन और वोट कमा रही है। बात बात पर ट्वीट करने वाले पीएम के शहर में साधु-संतों की पिटाई हुई पर उनका एक बयान तक नहीं आया।
अबकी बार बर्बाद हो गए यार
दिग्विजय सिंह ने जो श्वेत पत्र जारी किया, उसका केंद्रीय आइडिया ही था, अबकी बार बर्बाद हो गए यार। आगे के संदेश थे-काला धान आया नहीं, लोगों के खाते में 15-15 लाख रुपये गए नहीं। किसानों की कमाई बढ़ी नहीं, अर्थ व्यवस्था सुधरी नहीं। दाल की कीमत 200 रुपये हुई। स्वच्छता अभियान फेल हुआ। दो करोड़ युवकों को रोजगार मिला नहीं। भविष्य निधि पर ब्याज घटाया, विदेश नीति ध्वस्त हुई। अमेरिका व चीन से नजदीकी से रूस से दूरी बढ़ी। धारा 370 कायम है। इसके हिमायती के साथ कश्मीर में सरकार बनाई। भाजपा शासित राज्यों में भ्रष्टाचार बढ़ा, गंगा की सफाई हुई नहीं।