बाराबंकी महिला हत्याकांड : राजनीतिक दलों की सीबीआई जांच की मांग
बाराबंकी में थाना परिसर में महिला नीतू द्विवेदी से दुष्कर्म के प्रयास में विफल रहने के बाद उसकी जलाकर हत्या के प्रकरण पर राजनीतिक दलों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इन दलों ने इस प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
लखनऊ। बाराबंकी में थाना परिसर में महिला नीतू द्विवेदी से दुष्कर्म के प्रयास में विफल रहने के बाद उसकी जलाकर हत्या के प्रकरण पर राजनीतिक दलों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इन दलों ने इस प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। मामले में भारतीय जनता पार्टी के साथ कांग्रेस ने भरी कड़े शब्दो में निंदा की है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने सरकार से मांग की है कि महिला के परिवार के लोगों को 30 लाख रुपये की नकद धनराशि देने के साथ ही सरकारी नौकरी दी जाये। इसके साथ ही डॉ. वाजपेयी ने मामले की सीबीआई जांच तथा सभी दोषी पुलिसवालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आए महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध से लोग बेहद सहमे हुए हैं। महिलाओं का तो रात आठ बजे के बाद से घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाएं जब थाने में सुरक्षित नही हैं तो 1090 का क्या लाभ। उन्होंने कहा कि नीतू द्विवेदी का पोस्टमॉर्टम पैनल करे और उसकी वीडियोग्राफी हो। भाजपा के साथ ही कांग्रेस ने भी इस मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि हमको प्रदेश सरकार की किसी भी जांच एजेंसी पर भरोसा नहीं है। बाराबंकी की इस बेहद शर्मनाक घटना की सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए। बाराबंकी के पूर्व सांसद तथा राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पीएल पुनिया ने महिला की हत्या की ङ्क्षनदा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पुलिस निरंकुश है और थानाध्यक्ष तानाशाह। कोठी थाने की घटना इसी तानाशाही का परिणाम है। अब सरकार व प्रशासन दोषी थानाध्यक्ष को बचाने की कोशिश न करे।