फरेंदा से भाजपा के बजरंग बहादुर का नामांकन
विधानसभा उप चुनाव के लिए आज महराजगंज के फरेंदा विधानसभा के लिए निवर्तमान भाजपा विधायक बजरंग बहादुर सिंह के साथ पांच लोगों ने अपना पर्चा दाखिल किया। इस सीट पर 11 अप्रैल को मतदान होगा।
लखनऊ। विधानसभा उप चुनाव के लिए आज महराजगंज के फरेंदा विधानसभा के लिए निवर्तमान भाजपा विधायक बजरंग बहादुर सिंह के साथ पांच लोगों ने अपना पर्चा दाखिल किया। इस सीट पर 11 अप्रैल को मतदान होगा।
महराजगंज के फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन आज भाजपा के बजरंग बहादुर सिंह के साथ कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र चौधरी, समाजवादी पार्टी के विनोद मणि त्रिपाठी और निर्दलीय प्रत्याशी विजय सिंह व एल जी झेगड़े ने पर्चा दाखिल किया। इससे पहले निर्दल प्रत्याशी के रूप में शिवकुमारी देवी व किशुन पर्चा दाखिल कर चुके हैं। इस सीट पर अब तक सात लोग पर्चा दाखिल कर चुके हैं। यह सीट भाजपा के विधायक बजरंग बहादुर सिंह के अयोग्य घोषित होने के कारण रिक्त हुई है। नामांकन पत्रों की जांच 25 मार्च को होगी जबकि 27 मार्च को नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 11 अप्रैल को है। मतगणना 15 अप्रैल को होगी।