बाराबंकी : थाना में आग के हवाले की गई महिला की मौत, सीएम नाराज
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक पत्रकार की हत्या के बाद कल राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी में एक महिला पुलिस बर्बरता की शिकार बन गई। महिला से थाना में दुष्कर्म का प्रयास किया गया, जब पुलिस वाले इसमें सफल नहीं हो सके तो उसको आग के हवाले कर दिया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक पत्रकार की हत्या के बाद कल राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी में एक महिला पुलिस बर्बरता की शिकार बन गई। महिला से थाना में दुष्कर्म का प्रयास किया गया, जब पुलिस वाले इसमें सफल नहीं हो सके तो उसको आग के हवाले कर दिया गया। आज लखनऊ के सिविल अस्पताल में महिला नीतू द्विवेदी की मौत हो गई। मामला प्रकाश में आने के बाद बाराबंकी के एसपी ने आरोपी थानाध्यक्ष व दारोगा को निलंबित कर दिया था।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव काफी गंभीर
इस प्रकरण पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव काफी गंभीर हैं। उन्होंने तत्काल ही मामले की मजिस्ट्रेटी जांच का आदेश दिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस पूरे प्रकरण में पुलिस की भूमिका की भी जांच की जाएगी।उन्होंने सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया।
कोठी थाना में आग के हवाले कर दी गई महिला ने आज लखनऊ में मृत्युपूर्व बयान में कोठी के थानाध्यक्ष राय साहब यादव के साथ वहां के दारोगा अखिलेश कुमार राय पर लंबे समय से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। उसने कहा कि इन दोनों के कारण मेरा घर से बाहर निकला दूभर हो गया था। इनकी साजिश के तहत ही मेरे पति को लगातार झूठे मामलों में फंसाया गया है।
ये है मामला
बाराबंकी के कोठी थाना में कल दिल दहला देने वाली घटना हुई। अवैध हिरासत में रखे गए अपने पति को छुड़ाने के लिए आयी गढ़ा बसंतपुर निवासी आंगनबाड़ी सदस्या नीतू द्विवेदी से पहले थानाध्यक्ष फिर एक दारोगा ने एक लाख रुपये रिश्वत मांगी। रकम देने में असमर्थता जताने पर महिला की सोने की अंगूठी तथा चेन ले ली और उससे दुष्कर्म का प्रयास किया।
विरोध करने पर पुलिसवालों ने जिंदा फूंका
महिला के विरोध करने पर थानाध्यक्ष व दारोगा ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर हालत में महिला को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे महिला ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया आत्महत्या
घटना के बाद थानाध्यक्ष और दारोगा को तो निलंबित कर दिया गया लेकिन दर्ज मुकदमे में इसे आत्महत्या का मामला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की अभद्रता व छेड़छाड़ से क्षुब्ध होकर महिला ने खुद को आग लगा ली। थाने में आग से लिपटी महिला को देख हड़कंप मच गया। चीखती-चिल्लाती थाने के बाहर निकली महिला की मदद के लिए लोग दौड़ पड़े। आग को बुझाने के बाद थाने के दो सिपाहियों ने पीडि़ता को छोटे पुत्र के साथ अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर किया गया। गढ़ा बसंतपुर निवासी पीडि़ता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है।
हत्या के प्रयास के एक मामले में आरोपी रिश्तेदारों को पकड़ पाने में नाकाम कोठी पुलिस पीडि़ता के पति को रविवार सुबह दस बजे से अवैध हिरासत में रखे थी। एसडीएम सदर नीलम यादव की उपस्थिति में पीडि़ता के बयान दर्ज किए गए थे।
आरोपी पुलिसवाले निलंबित
इस घटना की संवेदनशीलता को देख जिला और पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया है। पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद, एएसपी शफीक अहमद सीओ तौकीर अहमद खान ने थाने पहुंचकर जायजा लिया और लोगों के बयान दर्ज किए। जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा पीडि़ता से मिले। जिलाधिकारी ने बताया आरोपी थानाध्यक्ष व दारोगा को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने पीड़िता के पुत्र की तहरीर पर एसओ राय साहब यादव सहित एसआइ अखिलेश कुमार राय पर उत्पीडऩ, जान से मारने की धमकी और आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का बड़ा पुत्र एक दैनिक समाचार पत्र में क्षेत्रीय संवाददाता है।