तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को रौंदा, मौत
संवाद सूत्र ऊंचाहार : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें बाइक पर पीछे बैठी महिला उछलक
संवाद सूत्र ऊंचाहार : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें बाइक पर पीछे बैठी महिला उछलकर ट्रक के नीचे चली गई। इससे कुचलकर उसकी मौत हो गई। भाई और उसकी 6 माह की मासूम बेटी भी घायल हो गई। वहीं घटना को अंजाम देकर ट्रक चालक मय वाहन फरार हो गया।
दुर्घटना लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर शुक्रवार की दोपहर क्षेत्र के बाबूगंज बाजार के पास हुई। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के गांव सादे की बाजार निवासी द्वारिका प्रसाद की पुत्री सुमन देवी (26) की शादी भदोखर थाना क्षेत्र के गांव जरियारी निवासी धर्मेन्द्र कुमार के साथ हुई थी। इन दिनों सुमन अपने मायके आयी हुई थी। शुक्रवार की दोपहर वह अपने चचेरे भाई अजित कुमार के साथ बाइक से अपनी ससुराल जा रही थी। उसकी गोद में उसकी 6 माह की बेटी लवी भी थी। राजमार्ग पर बाबूगंज बाजार के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक गिर गयी तथा अजित व लवी तो पटरी की ओर गिरे लेकिन सुमन सड़क की ओर गिर गयी तथा ट्रक का पहिया सुमन के ऊपर चढ़ गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गयी जबकि लवी व अजीत घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी लाया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दुल्हन को सजाने आयी थी सुमन
मार्ग दुर्घटना में मारी गयी सुमन ब्यूटी पार्लर का काम करती थी। उसके मायके में गांव के रामचरन की बेटी की शादी थी जिसमें दुल्हन को सजाने के लिए वह ससुराल से आयी हुई थी। शुक्रवार की सुबह दुल्हन की विदाई के बाद वह अपने मायके जा रही थी कि तभी हादसे का शिकार हो गई।
दो बच्चों को कार ने मारी टक्कर
सड़क पार कर रहे दो बच्चों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए है। यह हादसा लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर क्षेत्र के अरखा गांव के पास हुआ। अरखा गांव के दो बच्चे अतुल कुमार पुत्र शिवकेश और आयुष कुमार पुत्र वासुदेव गांव के पास सड़क पार कर रहे थे। उसी समय इलाहाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों बच्चो को टक्कर मार दी और तेजी से भाग गयी। हादसे में दोनों बच्चे घायल हो गए, उनको सीएचसी लाया गया है।